-अर्घ्य देने गंगा घाट पहुंचने वाली सड़क का निर्माण तेज
-छठव्रतियों के स्वागत के लिए जगह जगह बन रहे तोरणद्वार
पटना। छठ महापर्व करीब आते देख पटना नगर निगम और पटना जिला प्रशासन ने अर्घ्य के लिए गंगा नदी घाट पहुंचने वाले मार्गों के निर्माण में तेजी लाई है। गंगा का जलस्तर घटते नदी की धारा अशोक राजपथ से दो और महेन्द्रूघाट से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर चले जाने से छठव्रतियों की परेशानी बढ़ना भी स्वाभाविक है।लेकिन इसे छठी मैया की महिमा कहें या आस्था की लहर, ये दूरी कोई मायने नहीं रखती और छठ में यहां घाट पर व्रतियो, उनके परिजनों सहित लाखों की भीड़ जुटती है।

छठव्रतियों की सुविधा_सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बाढ़ के कारण जगह जगह हुए जलजमाव, कीचड़ को हटाकर वहां बालू और मिट्टी भरकर चौड़ी सड़क बनाने, उसे समतल करने, सड़क के दोनों किनारे बांस बल्ली गाड़ कर पीले और उजले कपड़े से घेराबंदी करने, रोशनी की व्यवस्था का काम युद्धस्तर पर जारी है।यहां नदी घाट तक पहुंचने के लिए दो सड़कें बनी हैं। एक महेन्द्रूघाट और दूसरी कलेक्ट्रेट घाट से बनी है।सड़क निर्माण में लगे मजदूरों ने बताया कि इस काम में दीपावली के बाद और तेजी आएगी। सभी तैयारी अर्घ्य के एक दिन पहले ही पूरी कर ली जाएगी। इसके साथ ही छठव्रतियों के स्वागत के लिए समाहरणालय गेट के सामने भी तोरणद्वार बनाने और उसे बड़े पंडाल का रूप देने का काम जारी है।












