Advertisement

अरविंद अकेला कल्लू के नए अंदाज़ ने मचाई धूम, ‘राउंड राउंड’ को मिल रहा दर्शकों का भरपूर प्यार

-अरविंद अकेला कल्लू के नए अंदाज़ ने मचाई धूम, ‘राउंड राउंड’ को मिल रहा दर्शकों का भरपूर प्यार

वाराणसी। भोजपुरी संगीत प्रेमियों के लिए एक नई सौगात लेकर आए भोजपुरी सुपरस्टार अरविंद अकेला कल्लू का नया गीत ‘राउंड राउंड’ इन दिनों सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर धूम मचा रहा है। वाराणसी में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान पा रा म्यूजिक ने अपने नए भोजपुरी म्यूजिक वर्टिकल ‘भोजपुरी धूम’ का शुभारंभ किया, जिसकी शुरुआत इस गीत की रिलीज़ के साथ की गई।
गीत ‘राउंड राउंड’ में अरविंद अकेला कल्लू का बिल्कुल नया और स्टाइलिश अवतार दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है। दमदार संगीत, आकर्षक लोकेशंस, भव्य फिल्मांकन और कल्लू की ऊर्जावान प्रस्तुति ने इस गीत को खास बना दिया है। वहीं लोकप्रिय गायिका शिल्पी राज की मधुर आवाज़ ने गीत की खूबसूरती को और बढ़ा दिया है। म्यूजिक वीडियो में एंजेल लिज़ा की ग्लैमरस मौजूदगी भी दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच रही है।


गीत को मिल रहे शानदार रिस्पॉन्स पर खुशी जताते हुए अरविंद अकेला कल्लू ने कहा कि ‘राउंड राउंड’ एक संपूर्ण मनोरंजन से भरपूर गीत है, जिसे हर वर्ग के श्रोता पसंद करेंगे। उन्होंने कहा कि भोजपुरी संगीत अब वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है और ऐसे गीत इस पहचान को और मजबूत करेंगे।
वहीं शिल्पी राज ने विश्वास जताया कि यह गीत शादी, पार्टी और अन्य उत्सवों की पहली पसंद बनने वाला है। रिलीज़ के कुछ ही समय में मिले सकारात्मक प्रतिसाद ने पूरी टीम का उत्साह बढ़ा दिया है।
पा रा म्यूजिक की सह-संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक राशना पोचकनावाला ने बताया कि ‘भोजपुरी धूम’ का उद्देश्य भोजपुरी दर्शकों को उच्च गुणवत्ता वाला और मौलिक कंटेंट उपलब्ध कराना है। वहीं सह-संस्थापक पवन सूद ने इसे भोजपुरी संगीत उद्योग में रचनात्मक विस्तार और दीर्घकालिक निवेश की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
गीत के बोल अभिनव प्रताप सिंह ने लिखे हैं, जबकि संगीत प्रियांशु सिंह ने दिया है। वीडियो का निर्देशन बद्री नाथ झा ने किया है। पीआरओ रंजन सिन्हा ने बताया कि ‘राउंड राउंड’ को मिल रहे प्यार को देखते हुए यह गीत आने वाले दिनों में भोजपुरी संगीत जगत का बड़ा हिट साबित हो सकता है।