Advertisement

अपनी प्रतिभा को बनायें रोजगार का साधन

-अपनी प्रतिभा को बनायें रोजगार का साधन: डीएम

-मंडल कारा में मिथिला पेंटिंग एवं जैविक खाद निर्माण प्रशिक्षण का शुभारंभ

समस्तीपुर । गुरूवार को जिले के दूधपुरा स्थित मंडल कारा में बंदियों केलिए मिथिला पेंटिंग एवं जैविक खाद निर्माण प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया। मंडल कारा में आयोजित बंदी दरबार में शामिल होने पधारे जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा ने गार्ड आॅफ आॅनर की औपचारिकता के बाद, कारा परिसर स्थित बापू सभागार में काराधीक्षक प्रशान्त कुमार ओझा ने डीएम श्री कुशवाहा का पुष्प गुच्छ से स्वागत किया। तदुपरांत करतल ध्वनि के बीच प्रशिक्षण के आयोजक आशा सेवा संस्थान के सचिव अमित कुमार वर्मा, मिथिला पेंटिंग के प्रशिक्षक सौम्या सुमन, जैविक खाद निर्माण प्रशिक्षक दीपक कुमार, एवं उप काराधीक्षक रविकान्त कुमार के साथ डीएम व काराधीक्षक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री कुशवाहा ने कहा कि बंदियों को कारावास के दौरान हुनरमंद बनाने की कोशिश सफल तभी कही जायेगी जब बाहर जा कर आप अपने कौशल और प्रतिभा को अपने रोजगार का साधन बनायें और आप स्वावलंबी व आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें। हम चाहते हैं कि आपको यहां से जाने के बाद पुनः यहां आने की जरूरत नहीं पडे। इस दौरान पेंटिंग प्रशिक्षक मिथिलेश कुमार ने जिलाधिकारी को मिथिला पेंटिंग प्रदान किया। इस बाबत जानकारी देते हुए प्रशिक्षण के प्रायोजक आशा सेवा संस्थान के सचिव श्री वर्मा ने बताया कि मिथिला पेंटिंग प्रशिक्षण सत्र में कुल 35 एवं जैविक खाद निर्माण हेतु कुल 30 बंदियों को प्रशिक्षण दिया जायेगा।