Advertisement

अनंत सिंह और सोनू- मोनू गैंग गोलीबारी मामले में गिरिराज सिंह की एंट्री

-अनंत सिंह और सोनू- मोनू गैंग गोलीबारी मामले में गिरिराज सिंह की एंट्री

-जानिए किसको दे डाली नसीहत?

दीपक कुमार तिवारी।पटना।

मोकामा में हुई गोलीबारी की घटना पर तेजस्वी यादव और गिरिराज सिंह के बीच जुबानी जंग छिड़ गई है। तेजस्वी यादव ने इस घटना को बिहार में बिगड़ती कानून व्यवस्था से जोड़ा है। इस पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने तेजस्वी को उनके माता-पिता लालू-राबड़ी के शासनकाल की याद दिलाई है। यह घटना 22 जनवरी को मोकामा के नौरंगा गांव में हुई थी। इसमें बाहुबली नेता अनंत सिंह और सोनू-मोनू गैंग के बीच गोलीबारी हुई। अनंत सिंह और सोनू दोनों अब जेल में हैं।
मोकामा में 22 जनवरी को हुई गोलीबारी की घटना ने राजनीतिक घमासान छेड़ दिया है। राजद नेता तेजस्वी यादव ने इस घटना को बिहार की बिगड़ती कानून-व्यवस्था से जोड़ा। उन्होंने नीतीश कुमार के ‘सुशासन’ पर सवाल उठाए। इस पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तेजस्वी यादव पर पलटवार किया। उन्होंने तेजस्वी को उनके माता-पिता लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के 15 साल के शासनकाल की याद दिलाई। गिरिराज सिंह ने कहा कि पहले अपराधी खुलेआम घूमते थे, अब अपराधियों को पकड़ा जाता है।


मोकामा के पूर्व बाहुबली विधायक अनंत सिंह और सोनू-मोनू गैंग के बीच 22 जनवरी को गोलीबारी हुई थी। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था। पुलिस ने पहले सोनू को गिरफ्तार किया, बाद में अनंत सिंह ने भी कोर्ट में सरेंडर कर दिया। अनंत सिंह को बेउर जेल और सोनू को फुलवारी जेल भेज दिया गया है। इस घटना में दोनों तरफ से करीब 10 से 20 राउंड गोलियां चली थीं। अनंत सिंह के एक समर्थक को गोली भी लगी थी।
गिरिराज सिंह ने नसीहत देते हुए कहा कि एक गांव की कहावत है चलनी चलनी दूसे सूप के… तेजस्वी यादव को हमारा सुझाव होगा कि आज भी वे अपने पिताजी राज को याद कर लें। तब दिन में भी किसी पति-पत्नी को जाने में डर लगता था। यहां तो अपराधी पकड़े जाते हैं। ध्यान रहे कि इस गोलीबारी की शुरुआत एक छोटी सी बात से हुई थी। सोनू-मोनू ने अपने मुंशी मुकेश सिंह के घर पर ताला लगा दिया था। मुकेश ने अनंत सिंह से मदद मांगी। अनंत सिंह पहले अपने समर्थकों को ताला खुलवाने भेजा। फिर खुद भी वहां पहुंच गए। इस दौरान दोनों गुटों में झड़प हो गई और गोलीबारी शुरू हो गई।