Advertisement

अज्ञात वाहन की टक्कर से राजमिस्त्री की मौत, सड़क पर शव रख ग्रामीणों ने किया जाम

-अज्ञात वाहन की टक्कर से राजमिस्त्री की मौत, सड़क पर शव रख ग्रामीणों ने किया जाम

राजापाकर, संजय श्रीवास्तव।

वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चक सिकंदर ओवरब्रिज के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल राजमिस्त्री अजय भगत की पटना के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। यह दुर्घटना 19 मई को हुई थी और नौ दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद बुधवार की सुबह अजय भगत ने दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान सहदुल्लाहपुर धबौली पंचायत के खजवाता गांव, वार्ड संख्या 13 निवासी सुरेंद्र भगत के 35 वर्षीय पुत्र अजय भगत के रूप में हुई है। वह पानापुर कुशियारी में राजमिस्त्री का काम करने जा रहा था, जब हाजीपुर-जंदाहा मुख्य मार्ग पर चक सिकंदर के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी साइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घायल को पहले बिदुपुर पीएचसी, फिर हाजीपुर सदर अस्पताल, और अंततः पटना के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

अजय भगत की मौत की खबर मिलते ही आक्रोशित ग्रामीणों एवं परिजनों ने शव को चक सिकंदर बाजार से 200 मीटर पश्चिम हाजीपुर-जंदाहा मार्ग पर रखकर सड़क जाम कर दिया। लगभग डेढ़ घंटे तक आवागमन बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

जाम की सूचना पर बिदुपुर थानाध्यक्ष व प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार मनीष भारद्वाज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत किया। प्रशासन ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और आश्वासन दिया कि दुर्घटना राहत राशि की प्रक्रिया जांच के बाद शुरू की जाएगी। इसके बाद सड़क जाम समाप्त हुआ और यातायात बहाल हुआ।

मृतक अजय भगत के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा है। जानकारी के अनुसार, उसकी पत्नी ने तीन महीने पहले एक बच्चे को जन्म दिया था, जिसकी जन्म के समय ही मौत हो गई थी। अब अजय की असमय मौत से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा है।

#सड़कदुर्घटना #अजयभगत #राजमिस्त्री_की_मौत #चकसिकंदर #बिदुपुर #हाजीपुरजंदाहामार