Advertisement

अजगैबीनाथ धाम और सोनपुर एयरपोर्ट परियोजनाओं में तेजी लाने का निर्देश, बड़े विमानों के संचालन की होगी सुविधा

-अजगैबीनाथ धाम और सोनपुर एयरपोर्ट परियोजनाओं में तेजी लाने का निर्देश, बड़े विमानों के संचालन की होगी सुविधा

पटना, 28 सितंबर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अजगैबीनाथ धाम और सोनपुर/सारण में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजनाओं के कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया है। सोमवार को ‘संकल्प’ सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में दोनों परियोजनाओं के मास्टर प्लान, भूमि अधिग्रहण, एयरपोर्ट की क्षमता, कनेक्टिविटी और आवश्यक आधारभूत संरचनाओं के विकास की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के पहले चरण में पीपीपी मोड पर करीब 3,500 करोड़ रुपये तथा सोनपुर ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल एयरपोर्ट में पहले चरण में 6,500 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। राज्य सरकार भूमि अधिग्रहण और कनेक्टिविटी की लागत वहन करेगी।


मुख्यमंत्री ने अजगैबीनाथ धाम एयरपोर्ट का रन-वे और अन्य आधारभूत संरचनाएं इस तरह विकसित करने का निर्देश दिया कि यहां बड़े विमानों का संचालन संभव हो सके। एयरपोर्ट से मुंगेर, लखीसराय, जमुई, भागलपुर, बांका, खगड़िया और बेगूसराय सहित आसपास के जिलों को हवाई सुविधा मिलने की उम्मीद है। श्रावणी मेले के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं के आवागमन में भी इससे सुविधा होगी।
वहीं, सोनपुर/सारण एयरपोर्ट को भी बड़े विमानों के संचालन के अनुकूल विकसित करने के साथ कार्गो सुविधा और बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। प्रस्तावित एयरपोर्ट से बिहार के 22 जिलों के अलावा झारखंड और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों को भी हवाई संपर्क का लाभ मिलने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को भूमि अधिग्रहण सहित सभी आवश्यक प्रक्रियाएं आपसी समन्वय से निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने और परियोजनाओं की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया। बैठक में सांसद राजीव प्रताप रूढ़ी सहित कई विभागों के वरीय अधिकारी मौजूद रहे।