अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
बंदरा/मुजफ्फरपुर।संवाददाता।
अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर आज बंदरा प्रखंड स्थित बरियारपुर दुर्गा पूजा पंडाल में एक्शन एड द्वारा उड़ान परियोजना के तहत किशोर-किशोरियों के सशक्तिकरण और बच्चों के संरक्षण के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एक विशेष स्टाल लगाया गया, जिसमें बच्चों की गतिविधियों, जिलाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, निदेशक जिला बाल संरक्षण इकाई, श्रम अधिक्षक, प्रखंड विकास पदाधिकारी और जनप्रतिनिधियों सहित अन्य हितधारकों द्वारा दिए गए सहयोग को पोस्टरों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।
मुख्य अतिथि प्रखंड विकास पदाधिकारी, बंदरा शाकिब अहमद ने फीता काटकर इस स्टाल का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार ब्रह्मानंद ठाकुर, बड़गांव मुखिया अब्दुल सत्तार अंसारी, नुनफारा के पूर्व मुखिया अशोक कुमार सिंह, पीयर थानाध्यक्ष पंकज यादव, एक्शन एड के जिला समन्वयक अरविन्द कुमार और अन्य प्रमुख अतिथि उपस्थित थे।

अतिथियों ने स्टाल का भ्रमण किया और बच्चों के साथ संवाद स्थापित किया। इसके बाद, किशोरियों की अगुवाई में एक पैदल मार्च निकाला गया, जिसमें बाल विवाह, दहेज प्रथा, बाल श्रम और कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ नारों के साथ जागरूकता फैलाई गई।
इस कार्यक्रम में समुदाय के सदस्यों, किशोरी समूह की किशोरियों, विकास मित्रों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, पीयर थाना के कांस्टेबल और एक्शन एड के वॉलंटियरों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।












