-₹8 लाख कमाई का झांसा देकर युवक से ₹27 हजार की साइबर ठगी, पुलिस जांच में जुटी
मुजफ्फरपुर। सोशल मीडिया पर आसान कमाई का लालच देकर साइबर ठग लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। ताजा मामला अहियापुर थाना क्षेत्र के सहवाजपुर का है, जहां एक युवक को ‘महिला को गर्भवती करने के बदले ₹8 लाख’ देने का झांसा देकर ठगों ने ₹27 हजार की ऑनलाइन ठगी कर ली। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले युवक फेसबुक स्क्रॉल कर रहा था। इसी दौरान उसकी नजर एक विज्ञापन पर पड़ी, जिसमें दावा किया गया था कि महिला को गर्भवती करने के बदले ₹8 लाख दिए जाएंगे। विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताने वाले व्यक्ति ने उसे भरोसे में लिया और काम पूरा होने के बाद पूरी राशि देने का आश्वासन दिया।

आरोप है कि ठगों ने कॉन्ट्रैक्ट तैयार करने, रजिस्ट्रेशन और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर अलग-अलग बहाने बनाकर युवक से तीन किश्तों में कुल ₹27 हजार ऑनलाइन जमा करा लिए। रकम मिलने के बाद भी कोई कॉन्ट्रैक्ट नहीं भेजा गया। इसके बजाय आरोपियों ने और पैसों की मांग शुरू कर दी। जब युवक को ठगी का शक हुआ और उसने संपर्क करने की कोशिश की तो ठगों ने उसका फोन उठाना बंद कर दिया।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल संबंधित मोबाइल नंबरों, बैंक खातों और ऑनलाइन लेनदेन की जानकारी जुटाकर आरोपियों की पहचान करने में लगी है। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे आकर्षक ऑफर और आसान कमाई के झांसे से बचने की अपील की है। साथ ही किसी भी अनजान व्यक्ति या संस्था के कहने पर ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करने की सलाह दी है।












