Advertisement

प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड में आठ साल से फरार आरोपी गिरफ्तार

प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड में आठ साल से फरार आरोपी गिरफ्तार

-जमीन दिखाने के बहाने बुलाकर की गई थी हत्या

मुजफ्फरपुर। अहियापुर थाना क्षेत्र के दादर निवासी प्रॉपर्टी डीलर बिजली सहनी हत्याकांड में पुलिस ने आठ साल से फरार चल रहे आरोपी लालबाबू सहनी को गिरफ्तार किया है। आरोपी रामपुर हरि थाना क्षेत्र के खरहर गांव का रहने वाला है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लंबे समय से छापेमारी कर रही थी। न्यायालय से वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने दबिश तेज की और उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई 2018 को बिजली सहनी को कुछ लोग जमीन दिखाने के बहाने घर से मीनापुर ले गए थे। इसके बाद वह लापता हो गए। काफी खोजबीन के बाद भी पता नहीं चलने पर उनके पुत्र शशि कुमार सहनी ने अहियापुर थाने में अपहरण की आशंका जताते हुए नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बाद में उनका शव बरामद होने पर मामले में हत्या की धारा जोड़ी गई।

गिरफ्तार लालबाबू से पुलिस ने पूछताछ की है। उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस अब मामले में पूरक चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इस मामले के अन्य चार्जशीटेड आरोपी गवाही के अभाव में कोर्ट से बरी हो चुके हैं।