Advertisement

हिंदी पखवाड़ा के तहत रेलकर्मियों के लिए हिंदी वाक् प्रतियोगिता आयोजित

-हिंदी पखवाड़ा के तहत रेलकर्मियों के लिए हिंदी वाक् प्रतियोगिता आयोजित

सोनपुर, 21 सितंबर। सोनपुर मंडल में राजभाषा हिंदी पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत सोमवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित मंडल राजभाषा पुस्तकालय में रेलकर्मियों के लिए हिंदी वाक् प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय ‘तकनीकी शिक्षा में हिंदी का प्रयोग एवं सोशल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में हिंदी की भूमिका’ रखा गया था।
प्रतियोगिता का आयोजन मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन के मार्गदर्शन और अपर मंडल रेल प्रबंधक सह अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी सुमन कुमार तांती के दिशा-निर्देश में हुआ। मंडल के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और राजभाषा हिंदी, कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग तथा भाषा के संवर्धन से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे।
प्रतिभागियों ने तकनीकी शिक्षा और प्रशासनिक कार्यों में हिंदी के प्रभावी प्रयोग की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। साथ ही सोशल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में हिंदी की भूमिका तथा राष्ट्र निर्माण में राजभाषा के योगदान पर भी विचार व्यक्त किए।


कार्यक्रम का संचालन सहायक कार्मिक अधिकारी अमरेंद्र कुमार, राजभाषा अधिकारी अनिल कुमार शर्मा तथा जनसंपर्क अधिकारी पृथ्वी राज की देखरेख में किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से रेलकर्मियों को कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रोत्साहित किया गया।
सोनपुर मंडल की ओर से बताया गया कि राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन और कार्यालयीन कार्यों में इसके अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। हिंदी पखवाड़ा के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों के आयोजन से रेलकर्मियों में राजभाषा के प्रति जागरूकता और सहभागिता को मजबूत किया जा रहा है।