Advertisement

सोनपुर मंडल के सात प्रमुख स्टेशनों व आठ रेलवे कॉलोनियों में चला स्वच्छता जागरूकता अभियान

-सोनपुर मंडल के सात प्रमुख स्टेशनों व आठ रेलवे कॉलोनियों में चला स्वच्छता जागरूकता अभियान

सोनपुर, 21 सितंबर। स्वच्छ भारत मिशन के तहत आयोजित ‘स्वच्छता ही सेवा–2026’ अभियान के अंतर्गत पूर्व मध्य रेल के सोनपुर मंडल में व्यापक स्वच्छता एवं जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। अभियान का उद्देश्य रेलवे परिसरों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ अधिक से अधिक लोगों को स्वच्छता अभियान से जोड़ना रहा।
अभियान के तहत मंडल के सात प्रमुख स्टेशनों सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी और नवगछिया तथा आठ रेलवे कॉलोनियों सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी, गढ़हारा, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी और नवगछिया में स्वच्छता जागरूकता रैली, जनसंपर्क अभियान और साफ-सफाई कार्यक्रम आयोजित किए गए।


स्टेशनों पर यात्रियों और आम लोगों को स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ रेलगाड़ी और स्वच्छ रेलवे परिसर के महत्व की जानकारी दी गई। रेलवे कर्मचारियों और स्वयंसेवकों ने यात्रियों से कूड़ेदान का उपयोग करने, प्लास्टिक कचरा खुले में नहीं फेंकने तथा सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की।
मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान के माध्यम से स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल रेलवे परिसर के निर्माण में जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है। सोनपुर मंडल ने नागरिकों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।