Advertisement

जनकपुरधाम में स्थापित होगी सुविधा संपन्न डिजिटल लाइब्रेरी

-जनकपुरधाम में स्थापित होगी सुविधा संपन्न डिजिटल लाइब्रेरी

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। लायन्स क्लब ऑफ जनकपुरधाम अपने स्वर्ण जयंती वर्ष के अवसर पर मैथिली विकास कोष के सहकार्य से सुविधा संपन्न ई-लाइब्रेरी (डिजिटल लाइब्रेरी) की स्थापना करेगा। इसको लेकर सोमवार को लायन्स क्लब ऑफ जनकपुरधाम के अध्यक्ष प्रसून मिश्र और मैथिली विकास कोष के अध्यक्ष जीवनाथ चौधरी के बीच समझौता हुआ।

प्रस्तावित डिजिटल लाइब्रेरी मैथिली विकास कोष भवन में स्थापित की जाएगी। इसके माध्यम से मैथिली भाषा, साहित्य और संस्कृति से संबंधित पुस्तकों एवं अन्य डिजिटल सामग्री को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों, शोधार्थियों और मैथिली भाषा-साहित्य में रुचि रखने वाले लोगों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।

समझौते के अवसर पर लायन्स क्लब ऑफ जनकपुरधाम के पदाधिकारी हरि राउत, विधाकर साह, निर्मल सिंघानिया, दीपेंद्र सिंह और लक्ष्मी नारायण साह सहित अन्य लोग मौजूद थे। मैथिली विकास कोष के कोषाध्यक्ष श्याम सुंदर शशि तथा ई-सॉफ्टवेयर डेवलपर विदेह सिस्टम प्रा. लि. के श्रद्धेय वात्स्यायन भी उपस्थित रहे।

लायन्स क्लब ऑफ जनकपुरधाम की स्थापना स्व. डॉ. जलबल्लभ दास ने की थी। क्लब जनकपुरधाम में सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से योगदान देता रहा है। स्वर्ण जयंती के अवसर पर डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना को क्लब की सामाजिक एवं भाषा-संस्कृति से जुड़ी पहल के रूप में देखा जा रहा है।