Advertisement

हथियार लहराते युवक का वीडियो वायरल, सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस

-हथियार लहराते युवक का वीडियो वायरल, सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस

मुजफ्फरपुर। जिले में इंटरनेट मीडिया पर हथियार लहराते एक युवक का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद युवक के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने के बजाय करजा और पानापुर करियात थाना की पुलिस घटनास्थल को लेकर सीमा विवाद में उलझी रही। काफी देर तक दोनों थानों की पुलिस मामले को एक-दूसरे के क्षेत्राधिकार का बताती रही। बाद में मामला तूल पकड़ने पर करजा थाना पुलिस ने जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो करजा थाना क्षेत्र के रक्सा गांव स्थित नहर के समीप का बताया जा रहा है। वीडियो में एक युवक हाथ में देसी पिस्तौल लेकर खुलेआम रौब झाड़ता और हथियार का प्रदर्शन करता नजर आ रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया और लोगों ने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताई।


स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर हथियार का प्रदर्शन न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे समाज में भय का माहौल भी पैदा होता है। वीडियो के वायरल होने के बाद लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
मामले को लेकर जब करजा थाना प्रभारी से जानकारी ली गई तो उन्होंने घटनास्थल को पानापुर करियात थाना क्षेत्र का बताया। वहीं पानापुर करियात थाना पुलिस ने तकनीकी और स्थानीय स्तर पर जांच-पड़ताल के बाद करजा पुलिस के दावे को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि वीडियो में दिख रहा स्थान करजा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
दोनों थानों के बीच क्षेत्राधिकार को लेकर हुई असमंजस की स्थिति के बाद करजा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता, युवक की पहचान और हथियार के संबंध में जानकारी जुटाने में लगी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।