– बैगलेस क्लास के तहत प्राकृतिक बनावट एवं स्थलों के प्रायोगिक ज्ञान लेने पहुंचे सरकारी स्कूल के बच्चे।
मुजफ्फरपुर(बिहार)। दीपक कुमार तिवारी।
बिहार में बैगलेस क्लास की शुरुआत की गई है। मुजफ्फरपुर जिले में इस अभियान के अंतर्गत बूढ़ी गंडक नदी के पिलखी पुल के नीचे बंदरा प्रखंड क्षेत्र के सिमरा मिड्ल स्कूल के छात्र-छात्राओं का जत्था अपने स्कूली शिक्षकों के साथ पहुंचा और पुल के नीचे बैठकर पुल के बनावटों के बारे में जानकारी ली। इसके बाद बूढ़ी गंडक नदी के तट पर पहुंचकर नदी के प्रदूषण के बारे में समझा। इस दौरान खेतों में भी बच्चों का दल पहुंचा तथा खेती करने के तरीके, मिट्टी के प्रकारों, फल-फूल उपजाने के तौर-तरीकों आदि के बारे में विस्तार से जानकारी ली।

छात्र-छात्राओं के बीच कई तरह के जिज्ञासा उमड़ते रहे, जिसे साथ आये शिक्षकों के द्वारा आवश्यक जानकारी उपलब्ध करा कर शांत कराया जाता रहा। शिक्षकों ने बताया कि सरकार द्वारा बैगलेस क्लास की शुरुआत की गई है। इसके तहत हर शनिवार को सरकारी स्कूलों में बैगलेस क्लास कराया जाना शुरू हुआ है। उन शिक्षकों ने तय किया है कि यदि प्राकृतिक संसाधनों को खुद बच्चे देख कर यदि समझना शुरू कर देंगे, तो इससे उन्हें सहज रूप से समझने में आसानी होगी और आसानी से बच्चे बहुत कुछ सीख सकेंगे।शिक्षकों ने बताया कि हमारे आसपास के इलाके में ही कई तरह के प्राकृतिक नजारे, स्थल, उपज,मिट्टी,वन आदि प्राकृतिक संसाधन पलब्ध है। जिसे देखने-सुनने-समझने की जरूरत है।इससे बच्चों का विषय के साथ सामान्य ज्ञान और समझ भी सहज रूप से बढ़ेगा। शिक्षकों का बताना है कि किताबों में कई बार बच्चे पढ़ कर कई बातों को सहज तरीके से नहीं भी समझ पाते हैं। शिक्षकों एवं छात्र छात्राओं के इस प्रयास का इलाके में खूब सराहना भी हो रही है।बच्चों में भी काफी उत्साह है।












