Advertisement

रौतिनिया डंपिंग यार्ड की समस्या का डीएम करेंगे खुद मॉनिटरिंग, स्थायी समाधान का दिया भरोसा

-रौतिनिया डंपिंग यार्ड की समस्या का डीएम करेंगे खुद मॉनिटरिंग, स्थायी समाधान का दिया भरोसा

-विधायक ई. अजीत कुमार के अल्टीमेटम के बाद डीएम ने किया निरीक्षण
-अतिरिक्त ट्रॉमल मशीन लगाने और एमआरएफ प्लांट का काम जल्द शुरू कराने का निर्देश

मड़वन। कांटी विधायक ई. अजीत कुमार के अल्टीमेटम के बाद सोमवार को जिलाधिकारी कुमार गौरव ने रौतिनिया स्थित नगर निगम के कचरा डंपिंग यार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डंपिंग यार्ड से उत्पन्न दुर्गंध, प्रदूषण और स्थानीय लोगों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए स्थायी समाधान का भरोसा दिलाया। डीएम ने स्पष्ट कहा कि अब वे स्वयं पूरे मामले की मॉनिटरिंग करेंगे और व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान विधायक ई. अजीत कुमार और स्थानीय लोगों ने डीएम को बताया कि डंपिंग यार्ड में कचरे के अव्यवस्थित निष्पादन के कारण आसपास के इलाके में दुर्गंध और प्रदूषण की गंभीर समस्या बनी हुई है। इसका प्रतिकूल असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। लोगों ने बच्चों में कुपोषण और क्षेत्र में विभिन्न बीमारियों की शिकायत भी की। इस पर डीएम ने तत्काल स्वास्थ्य विभाग की टीम गठित कर प्रभावित इलाके में सर्वे कराने का निर्देश दिया। टीम स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य और बीमारियों से संबंधित जानकारी जुटाएगी।
विधायक की मांग पर डीएम ने नगर निगम आयुक्त को डंपिंग यार्ड में एक अतिरिक्त ट्रॉमल मशीन लगाने, एमआरएफ (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) प्लांट का काम जल्द शुरू कराने और कचरा निष्पादन की व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया। इसके अलावा रेवा रोड से रौतिनिया पंचायत भवन तक जाने वाली सड़क का जीर्णोद्धार कराने, डंपिंग यार्ड के सामने स्थित पोखर की छठ पर्व को देखते हुए सफाई कराने तथा आसपास के इलाकों में नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने को कहा।


इस दौरान विधायक ई. अजीत कुमार ने डीएम से रौतिनिया डंपिंग यार्ड को गोद लेकर नियमित निगरानी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों से किए गए वादे को पूरा कराने के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं। इस समस्या को लेकर पूर्व में तत्कालीन डीएम सुब्रत कुमार सेन को भी स्थल पर लाया गया था। उस समय कुछ काम शुरू हुआ, लेकिन उसकी गति काफी धीमी रही। विधानसभा की प्राक्कलन समिति और बीस सूत्री की बैठक में भी इस मुद्दे को लगातार उठाया गया, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। अंततः उन्हें अल्टीमेटम देना पड़ा।
विधायक ने वर्तमान डीएम के निरीक्षण और समस्या के प्रति गंभीरता दिखाने को सकारात्मक पहल बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि अब स्थानीय लोगों को प्रदूषण और दुर्गंध की समस्या से राहत मिलेगी। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो वे स्थानीय लोगों के साथ आंदोलन और संघर्ष करने से पीछे नहीं हटेंगे।
निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में डीएम कुमार गौरव ने कहा कि एजेंसी द्वारा काम सही तरीके से नहीं किया जा रहा है और कार्य की गति भी काफी धीमी है, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रधान सचिव से भी बात की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे स्वयं पूरे मामले की निगरानी करेंगे तथा अतिरिक्त ट्रॉमल मशीन लगाने और एमआरएफ प्लांट का काम शुरू कराने की पहल जल्द की जाएगी।
वहीं, नगर निगम आयुक्त ने बताया कि कचरा प्रोसेसिंग का काम धीमी गति से चल रहा है। मंगलवार को विभागीय बैठक में इस संबंध में निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल डंपिंग यार्ड में एक ट्रॉमल मशीन कार्यरत है और एक अतिरिक्त मशीन लगाई जाएगी। एमआरएफ प्लांट के काम की नियमित मॉनिटरिंग होगी। आसपास के लोगों को परेशानी से बचाने के लिए सीओ को नोडल पदाधिकारी बनाकर नियमित छिड़काव कराया जाएगा।
मौके पर जदयू प्रखंड अध्यक्ष मो. शमीम, मनोज कुमार सिंह, अवधेश सिंह, मुकुंद कुमार, अंकेश ओझा, श्रीराम कुमार, इंदल साह सहित कई अन्य लोग मौजूद थे।