-सैनिक स्कूल सरस्वती विद्या मंदिर में शिक्षकों के लिए इन-हाउस ट्रेनिंग का आयोजन
-“शिक्षण तकनीक से ही शिक्षण प्रभावित होता है” – प्रधानाचार्य अमरेश कुमार
भागलपुर | 19 जून 2025
सैनिक स्कूल गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर, भागलपुर में दिनांक 19 जून, गुरुवार को सीबीएसई के निर्देशानुसार शिक्षकों के लिए इन-हाउस ट्रेनिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सूचना संप्रेषण एवं तकनीक विषय पर केंद्रित था।
प्रशिक्षण सत्र की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार, उप प्रधानाचार्य अभिनंदन कुमार सिंह, तथा प्रशिक्षकगण गौतम भारती, अजय कुमार और डॉ. संजीव झा द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ की गई।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने कहा, “शिक्षण और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार बदलाव हो रहे हैं। आज के समय में प्रभावी शिक्षण तभी संभव है, जब हम नई तकनीकों को अपनाएं। आईसीटी (सूचना एवं संचार तकनीक) के बिना आधुनिक शिक्षण अधूरा लगता है। छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए तकनीक का समुचित उपयोग अनिवार्य हो गया है।”

प्रशिक्षक गौतम भारती ने अपने व्याख्यान में बताया कि, “पहले जहां पत्रों के माध्यम से संवाद होता था, वहीं आज तकनीक ने सूचना संप्रेषण को बेहद आसान और तेज़ बना दिया है। दृश्य-श्रव्य माध्यमों का उपयोग कर हम शिक्षण को अधिक प्रभावशाली बना सकते हैं। शिक्षकों को समय के साथ बदलते हुए, तकनीकी दक्षता प्राप्त करनी चाहिए।”
प्रशिक्षण सत्र के दौरान शिक्षकगणों को तकनीक आधारित शिक्षण पद्धतियों की बारीकियों से अवगत कराया गया और उन्हें कक्षा शिक्षण में इसके उपयोग के व्यावहारिक तरीकों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी दीपक कुमार झा, शशि भूषण मिश्र सहित विद्यालय के सभी आचार्य बंधु-भगिनी उपस्थित रहे।
यह प्रशिक्षण सत्र शिक्षकों के लिए अत्यंत लाभकारी एवं ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ।











