-सावन की पहली सोमवारी पर बाबा गरीबनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
दीपक कुमार तिवारी | मुजफ्फरपुर
सावन की पहली सोमवारी पर मुजफ्फरपुर के प्रसिद्ध बाबा गरीबनाथ धाम में आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। रविवार देर रात मंदिर के पट खुलते ही जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो गया और सुबह होते-होते श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर परिसर से बाहर तक पहुंच गईं। पूरे दिन “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से मंदिर परिसर गूंजता रहा।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, पहली सोमवारी पर एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। कांवड़ियों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने अरघा व्यवस्था के माध्यम से बाबा गरीबनाथ का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की।

श्रावणी मेले को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए थे। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। वहीं, लगभग पांच हजार सेवा दल के स्वयंसेवक श्रद्धालुओं को कतारबद्ध दर्शन, जलाभिषेक और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में जुटे रहे।
मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर वरीय प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी करते रहे। सीसीटीवी कैमरों, बैरिकेडिंग, कंट्रोल रूम और लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं की आवाजाही पर नजर रखी गई, जिससे पूरे दिन व्यवस्था सुचारु बनी रही।
श्रद्धालुओं ने बाबा गरीबनाथ के दर्शन कर जलाभिषेक किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि, परिवार की खुशहाली तथा मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की। पहली सोमवारी पर उमड़ी भारी भीड़ के बावजूद प्रशासन और सेवा दल के समन्वित प्रयासों से दर्शन और जलाभिषेक की व्यवस्था शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई, जिससे श्रद्धालुओं ने संतोष व्यक्त किया।












