-सावन की अंतिम सोमवारी पर बाबा गरीबनाथ धाम में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
मुजफ्फरपुर। सावन माह की चौथी और अंतिम सोमवारी पर सोमवार को बाबा गरीबनाथ धाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। आधी रात 12 बजे से ही बाबा के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा गरीबनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचे। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय बाबा गरीबनाथ’ के जयकारों से गूंजता रहा।
मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार, रात में ही करीब डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा का जलाभिषेक कर चुके थे। वहीं, अहले सुबह के बाद स्थानीय श्रद्धालुओं की भी बड़ी भीड़ मंदिर पहुंची। बिहार के प्रसिद्ध बाबा गरीबनाथ धाम में चौथी सोमवारी को लेकर रात 12 बजे से शुरू हुआ जलाभिषेक का सिलसिला सोमवार सुबह तक लगातार जारी रहा। सामान्य कांवरियों के साथ बड़ी संख्या में डाक कांवरिया भी बाबा के दरबार में पहुंचे।
भक्त बाबा गरीबनाथ का जयकारा लगाते हुए मंदिर पहुंच रहे थे और श्रद्धापूर्वक जलाभिषेक कर रहे थे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बावजूद उनके उत्साह और बाबा के प्रति आस्था में कोई कमी नहीं दिखाई दी। भक्तों में पूरे दिन भक्ति का माहौल बना रहा।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए बाबा गरीबनाथ मंदिर के सामने अरघा लगाया गया था। इसी के माध्यम से श्रद्धालुओं से जलाभिषेक कराया गया। वहीं, भक्तों को बाबा के दर्शन कराने के लिए मंदिर परिसर में एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था की गई थी। एलईडी स्क्रीन के जरिए श्रद्धालुओं ने बाबा गरीबनाथ के दर्शन किए।

चौथी सोमवारी पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लगातार माइकिंग के जरिए श्रद्धालुओं को आवश्यक निर्देश दिए जा रहे थे। मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार स्थिति का जायजा लेते रहे। एसडीपीओ टाउन-1 सुरेश कुमार और एसडीएम पूर्वी आनंद उत्सव भी मौके पर मौजूद रहे और कांवरियों की सेवा तथा व्यवस्थाओं की निगरानी करते दिखाई दिए।
बाबा गरीबनाथ धाम मंदिर के प्रधान पुजारी पंडित विनय पाठक ने बताया कि बाबा पर जलाभिषेक का सिलसिला लगातार जारी है। रात से लेकर सुबह तक लाखों श्रद्धालु बाबा का जलाभिषेक कर चुके हैं और आगे भी भक्तों के पहुंचने का क्रम जारी है। उन्होंने कहा कि बाबा गरीबनाथ के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था लगातार बढ़ रही है। स्थानीय श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में बाबा के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे हैं।
प्रधान पुजारी ने बताया कि सावन माह की अंतिम सोमवारी का धार्मिक मान्यताओं में विशेष महत्व माना जाता है। चौथी सोमवारी को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष आस्था रहती है। इसी कारण बाबा गरीबनाथ धाम में देर रात से ही भक्तों की भीड़ जुट गई थी। ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय बाबा गरीबनाथ’ के जयकारों के बीच श्रद्धालु बाबा का जलाभिषेक कर आशीर्वाद लेते रहे।












