-सारण में बाढ़ प्रभावित इलाकों में युद्धस्तर पर राहत-बचाव कार्य, NDRF-SDRF की 19 टीमें तैनात
पटना, 2 अक्टूबर। सारण जिले के विभिन्न प्रखंडों में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर आपदा प्रबंधन विभाग और जिला प्रशासन प्रभावित लोगों तक त्वरित राहत एवं सहायता पहुंचाने के लिए लगातार आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कर रहे हैं।
बाढ़ का पानी नए क्षेत्रों में प्रवेश करने के मद्देनजर सारण में राहत एवं बचाव कार्यों को और तेज किया गया है। जिले में NDRF की 12 तथा SDRF की 7 टीमें, कुल 19 टीमें तैनात हैं। इनमें सारण में पहले से NDRF की 5 और SDRF की 3 टीमें शामिल हैं। इसके अलावा बेतिया, गोपालगंज, भागलपुर और सुपौल से NDRF की अतिरिक्त टीमें तथा मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर और पूर्वी चंपारण से SDRF की टीमें सारण भेजी गई हैं।
राहत एवं बचाव कार्य में लगी NDRF की 12 टीमों में 360 प्रशिक्षित मानवबल तैनात हैं। इनके पास 50 से अधिक नाव, 480 लाइफ जैकेट, 360 लाइफबॉय, डीप डाइव सेट सहित अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध हैं। वहीं, SDRF की टीमों में भी 140 से अधिक प्रशिक्षित जवान और 36 से अधिक बोट उपलब्ध हैं। इन टीमों के माध्यम से बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और राहत सामग्री उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाने के लिए वायुसेना के हेलिकॉप्टर से अब तक 3,000 से अधिक राशन पैकेट एयर ड्रॉप किए जा चुके हैं। विभाग के अनुसार शाम तक 5,000 से अधिक राशन पैकेट एयर ड्रॉप किए जाएंगे। इसके अलावा पटना से 10 हजार, सिवान से 15 हजार, भोजपुर से 5 हजार, बक्सर से 5 हजार और वैशाली से 5 हजार राशन पैकेट सारण भेजे जा रहे हैं। विभिन्न जिलों से कुल 40 हजार राशन पैकेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
बाढ़ प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत देने के लिए 75 हजार पॉलिथीन शीट भी सारण भेजी जा रही हैं। इनमें दरभंगा से 25 हजार, मधुबनी से 20 हजार, सीतामढ़ी से 15 हजार और समस्तीपुर से 15 हजार पॉलिथीन शीट शामिल हैं।
जिला प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री के वितरण, बचाव कार्यों और आवश्यक सेवाओं की लगातार निगरानी कर रहा है। बाढ़ की स्थिति और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त संसाधनों की तैनाती तथा राहत सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। आपदा प्रबंधन विभाग ने आपातकालीन स्थिति में राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के टोल-फ्री नंबर 1070 पर संपर्क करने की अपील की है।











