-सर्वहारा आंदोलन के महानायक थे विनोद मिश्र : अमित
पूसा(समस्तीपुर)सम्वाददाता।
भाकपा माले के दिवंगत महासचिव काॅमरेड विनोद मिश्र सर्वहारा आंदोलन के महानायक थे। वे हमेशा गरीबों के हित में आंदोलन करते रहे। आज भी वे वामपंथी क्रांतिकारियों के लिए प्रेरणा के स्रोत बने हुए हैं। उक्त बातें बुधवार को प्रखंड के दक्षिणी हरपुर पंचायत में पार्टी के दिवंगत महासचिव विनोद मिश्र की 26वीं बरसी पर आयोजित संकल्प सभा को संबोधित करते हुए भाकपा-माले प्रखंड सचिव अमित कुमार ने कहा। माले प्रखंड सचिव अमित कुमार की अध्यक्षता में झंडोत्तोलन के बाद संकल्प सभा आयोजित की गई। इस दौरान काॅ. विनोद मिश्र के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।

माले प्रखंड सचिव अमित कुमार ने आगे कहा कि देश में बढ़ते फासीवादी ताकतें व काॅरपोरेट लूट के खिलाफ मेहनतकश मजदूरों, छात्र-नौजवानों का शक्तिशाली आंदोलन ही विकल्प होगा। इस दौरान 9 मार्च 2025 को पटना में ‘बदलो बिहार महाजुटान’ रैली को ऐतिहासिक बनाने, सरकार की जनविरोधी नीतियों एवं अन्याय और उत्पीड़न के खिलाफ लड़ने का संकल्प लिया गया। माले सचिव ने आगे कहा कि संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों के बल पर फासीवादी हमले के खिलाफ जनता का व्यापक संघर्ष खड़ा करने की जरूरत है। संकल्प सभा को माले जिला कमिटी सदस्य रौशन कुमार, महेश कुमार,भाकपा-माले प्रखंड कमिटी सदस्य रविन्द्र सिंह, दिनेश राय,अखिलेश सिंह, सुरेश कुमार, जितेन्द्र राय,भाग्यनारायण राय, अजय कुमार, शोभा देवी, मुन्नी कुमारी, शीला देवी, बिंदु देवी, सुशीला देवी आदि मौजूद थे।












