-सरफुद्दीनपुर पैक्स चुनाव: आनंद किशोर चौधरी बने अध्यक्ष, राजीव कुमार 37 वोटों से हारे
संवाददाता। बोचहां।
प्रखंड क्षेत्र की सरफुद्दीनपुर पंचायत में शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच पैक्स चुनाव संपन्न हो गया। सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक चले मतदान में कुल 2167 मतदाताओं में से 1239 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो 57.18 प्रतिशत रहा।
मतदान के तुरंत बाद, उसी दिन प्रखंड मुख्यालय सभागार में शाम 7 बजे से मतगणना शुरू हुई। अध्यक्ष पद के लिए 6 और सदस्य पद के लिए 6 उम्मीदवार अपने परिणाम जानने के लिए देर रात तक डटे रहे।

देर रात समाप्त हुई मतगणना में आनंद किशोर चौधरी ने अध्यक्ष पद पर 37 मतों के अंतर से शानदार जीत हासिल की। उन्हें कुल 330 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजीव कुमार को 293 मत मिले। इस चुनाव में 50 मत अमान्य घोषित किए गए।
चुनाव परिणाम की घोषणा आरओ सह बीडीओ प्रिया कुमारी ने की। इस दौरान सत्येंद्र कुमार चौधरी, भूषण कुमार चौरसिया, पवन देवी और रेणू देवी निर्विरोध सदस्य चुने गए। हालांकि, अतिपिछड़ा महिला पद रिक्त रह गया।











