Advertisement

समस्तीपुर में दिखा जल बवंडर, पानी से आसमान तक बनी रहस्यमयी आकृति ने चौंकाया

-समस्तीपुर में दिखा जल बवंडर, पानी से आसमान तक बनी रहस्यमयी आकृति ने चौंकाया

समस्तीपुर। जिले में 26 सितंबर को प्रकृति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। मोहिउद्दीननगर प्रखंड क्षेत्र में पानी की सतह से लेकर आसमान में छाए बादलों तक जाती हुई कीप जैसी आकृति दिखाई दी। देखते ही देखते यह जल बवंडर (वाटरस्पाउट) स्थानीय लोगों के बीच कौतूहल का विषय बन गया। मौसम विभाग, पटना ने भी एक्स पोस्ट के माध्यम से इस घटना की जानकारी साझा की।
पानी और बादलों के बीच बनी इस रहस्यमयी आकृति को देखकर आसपास मौजूद लोगों की निगाहें कुछ देर के लिए थम गईं। असामान्य दिखने वाली यह घटना हालांकि मौसम विज्ञान की दृष्टि से एक प्राकृतिक मौसमी घटना मानी जाती है।

क्या होता है वाटरस्पाउट?

वाटरस्पाउट पानी की सतह के ऊपर बनने वाला तेजी से घूमता हुआ हवा का स्तंभ होता है, जो ऊपर मौजूद बादलों से जुड़ा दिखाई देता है। आमतौर पर इसका निर्माण समुद्र, बड़ी झील या नदी जैसी जल सतह के ऊपर होता है।
दूर से देखने पर ऐसा लगता है कि पानी नीचे से खिंचकर सीधे आसमान की ओर जा रहा है। हालांकि वैज्ञानिक प्रक्रिया इससे कुछ अलग होती है। वाटरस्पाउट में दिखाई देने वाली अधिकांश सफेद या धुंधली आकृति संघनन के कारण बनती है। हवा में मौजूद नमी ऊपर उठती है और बादलों के भीतर संघनित होकर इस तरह की कीप जैसी संरचना का रूप ले सकती है।
समस्तीपुर में दिखाई दिया यह जल बवंडर इसी प्राकृतिक मौसम संबंधी घटना का उदाहरण माना जा रहा है, जिसने स्थानीय लोगों को कुछ समय के लिए रोमांचित और हैरान कर दिया।