-समस्तीपुर पुलिस ने कुख्यात अपराधी राजा साहनी को किया गिरफ्तार
-अपहरण के मामले में फरार चल रहा था अपराधी
-गुप्त सूचना पर हुई गिरफ्तारी
नवीन कुमार वर्मा। समस्तीपुर।
समस्तीपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इनामी कुख्यात अपराधी राजा साहनी को गिरफ्तार कर लिया है। इस बात की जानकारी डीएसपी टू विजय महतो ने दी। उन्होंने बताया कि राजा साहनी ने 3 मई की संध्या कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बासुदेवपुर निवासी सुधीर झा के नाबालिग पुत्र का पिस्तौल के बल पर अपहरण कर लिया था। इस मामले में कल्याणपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 24 घंटे के अंदर अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया था, हालांकि आरोपी राजा साहनी उस वक्त फरार हो गया था।
डीएसपी विजय महतो ने बताया कि राजा साहनी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत थी। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने दलसिंहसराय क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधी राजा साहनी कल्याणपुर थाना क्षेत्र के शिवनंदनपुर का निवासी है। उसके खिलाफ वारिसनगर, खानपुर और उजियारपुर थाना में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।












