-सड़क हादसे में पंडित और हजाम की मौत
-ग्रामीणों ने भारतमाला हाईवे को घंटों किया जाम, मुआवजा की मांग
मोतिहारी , राजन द्विवेदी।
जिले के पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र स्थित बदला गांव के समीप हुए एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने भारतमाला हाईवे को करीब दो घंटे तक जाम कर दिया। यह हादसा बदला गांव के समीप भारतमाला रोड पर हुई, जहां गुरुवार सुबह सड़क किनारे दो शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान बड़कागांव वार्ड संख्या-13 निवासी सत्यनारायण राम (65) और सूरज कुमार (19) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सत्यनारायण राम गांव में पूजा-पाठ का कार्य करते थे, जबकि सूरज कुमार हजाम का काम करता था। दोनों बुधवार रात रामपुरवा गांव में शादी-विवाह के सिलसिले में आयोजित मटकोर पूजा में शामिल होने गए थे। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। इसी दौरान ग्रामीणों से सूचना मिली कि बड़कागांव ढाला के पास भारतमाला हाईवे किनारे दो लोगों के शव पड़े हुए हैं।

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों शवों की पहचान की। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क दुर्घटना में मौत का आरोप लगाते हुए भारतमाला हाईवे को जाम कर दिया। ग्रामीण मृतकों के परिजनों को मुआवजा और दोषी वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पकड़ीदयाल थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
बाद में पूर्व मुखिया विजय सिंह एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद ग्रामीण शांत हुए और करीब दो घंटे बाद जाम समाप्त कराया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर थाना लाई और पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया।मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पकड़ीदयाल थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि सड़क किनारे दो लोगों के शव बरामद हुए हैं। प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।












