-सकरी मन के अतिक्रमण मामलों की हुई जनसुनवाई,6तक अवैध कब्जामुक्त नहीं करने पर सख्ती की चेतावनी
संवाददाता। मुजफ्फरपुर।
जिले के बन्दरा अंचल कार्यालय में शनिवार को सकरी मन के अतिक्रमण मामलों की सुनवाई की गई। इस दौरान अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को स्पष्ट लहजों में कहा अतिक्रमण की वजह से सकरी मन में मछली पालन समेत इससे जुड़ी हुई विभिन्न गतिविधियां प्रभावित हो रही है। लिहाजा अवैध रूप से सकरी मन की भूमि को अतिक्रमण करने तथा संबंधित कामों में व्यवधान डालने के मामलों में आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया की जा रही है।

इस कड़ी में तमाम अतिक्रमणकारियों को अविलम्ब भवन, सामान सहित सभी तरह के कब्जे को हटाने का निर्देश दिया गया है।बन्दरा सीओ राजीव रंजन ने बताया सकरी मन के तमाम अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किया गया है। इन मामलों की शुक्रवार को सुनवाई हुई। जिसमें निर्देश दिया गया है कि 6 दिसंबर तक अतिक्रमण मुक्त नहीं करने पर इन लोगों के खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगी। तमाम तरह के निर्माण स्थलों पर बुलडोजर चला कर कच्चे-पक्के भवनों आदि को तोड़ने की कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि सकरी मन की सरकारी जमीन पर दर्जनों लोगों ने पक्का मकान भी बना रखा है। किसी के झोपड़ी के मकान बने हुए हैं तो किसी के पक्के मकानों का हिस्सा है। कईयों ने शौचालयों का निर्माण करा रखा है तो कई जगहों पर मन की जमीन को ही जोतकर खेत,बथान आदि के रूप में लोग प्रयोग कर रहे हैं। ऐसे तमाम कब्जा धारियों पर विभिन्न आवश्यक प्रावधानों के तहत कार्यवाही की प्रक्रिया शुरू की गई है। 6 तारीख के बाद इनपर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी तथा हर हाल में अतिक्रमण को हटाया जाएगा।सुनवाई के दौरान आरओ रोहन सिंह ने बताया कि सरकार तथा विभागीय निर्देश के आलोक में यह कार्यवाई की जा रही है।जांच की प्रक्रियाओं के बाद यहां के 80 से ज्यादा कब्जाधारियों को नोटिश जारी किया गया है।












