Advertisement

शादी के 16 दिन बाद दुल्हन फरार, नकदी और जेवर लेकर भागने का आरोप

-शादी के 16 दिन बाद दुल्हन फरार, नकदी और जेवर लेकर भागने का आरोप

मुजफ्फरपुर। जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के महज 16 दिन बाद ही नवविवाहिता घर से फरार हो गई। आरोप है कि दुल्हन घर में रखे करीब 72 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के जेवरात लेकर चली गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार सदमे में है।

जानकारी के अनुसार युवक धर्मेंद्र कुमार लोमा गांव का निवासी है। उसकी शादी 25 अप्रैल को पियर क्षेत्र की एक युवती से हुई थी। शादी के बाद शुरुआती दिनों में सबकुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन अचानक दुल्हन के गायब होने से परिवार में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि सुबह जब धर्मेंद्र कुमार की नींद खुली तो उसकी पत्नी घर में नहीं थी। इसके बाद परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान घर में रखे कैश और जेवरात की जांच की गई तो नकदी और आभूषण भी गायब मिले। इसके बाद परिवार को शक हुआ कि दुल्हन सामान लेकर फरार हो गई है।

पीड़ित युवक ने मामले की शिकायत गायघाट थाना में देने की बात कही है। हालांकि थाना प्रभारी ने किसी भी लिखित आवेदन मिलने से इनकार किया है। उनका कहना है कि मामले की जानकारी उन्हें मीडिया के माध्यम से मिली है और अब तक थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। थाना प्रभारी ने कहा कि आवेदन मिलने पर मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।