-शराब के नशे में पकड़े गए नगर निगम के तीन कर्मी, वाहन चेकिंग में पुलिस ने दबोचा
मुजफ्फरपुर। जिले के नगर थाना क्षेत्र में शराबबंदी कानून के उल्लंघन का मामला सामने आया है। पुलिस के विशेष रात्रि वाहन चेकिंग अभियान के दौरान नगर निगम में कार्यरत तीन कर्मचारियों को कथित तौर पर शराब के नशे में पकड़ा गया। पुलिस ने मौके पर ही तीनों को हिरासत में लेते हुए वाहन जब्त कर लिया। घटना के बाद नगर निगम महकमे में हड़कंप मच गया है।
नगर थाना पुलिस की टीम अपराध नियंत्रण और शराबबंदी कानून के पालन को लेकर रात में सघन वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर एक वाहन को रोककर उसमें सवार लोगों की जांच की गई। पुलिस के अनुसार, तीनों का व्यवहार असामान्य था और उनकी जुबान भी लड़खड़ा रही थी। पूछताछ के दौरान तीनों की पहचान नगर निगम कर्मियों के रूप में हुई।

पुलिस ने मौके पर डिजिटल ब्रेथ एनालाइजर से तीनों की जांच की। जांच में अल्कोहल की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया। साथ ही जिस वाहन से वे जा रहे थे, उसे भी जब्त कर लिया गया।
मामले में नगर थाना पुलिस ने बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत तीनों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। नगर थानाध्यक्ष ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
सरकारी व्यवस्था से जुड़े नगर निगम कर्मियों के शराब के नशे में पकड़े जाने की घटना के बाद निगम कार्यालय और प्रशासनिक महकमे में चर्चा तेज हो गई है। पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।












