Advertisement

वैशाली एसपी ने राजापाकर थाने का किया औचक निरीक्षण, वारंटियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने का निर्देश

-वैशाली एसपी ने राजापाकर थाने का किया औचक निरीक्षण, वारंटियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने का निर्देश

राजापाकर/संजय श्रीवास्तव। वैशाली के पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने राजापाकर थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था एवं पुलिसिंग व्यवस्था का जायजा लिया। बताया गया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का चकसिकंदर स्थित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में संवाद कार्यक्रम में शामिल होने का संभावित कार्यक्रम है। इसे लेकर एसपी ने क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की।


निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाने में दर्ज विभिन्न कांडों की समीक्षा की और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को फरार एवं वारंटियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने का निर्देश दिया।
एसपी शुभांक मिश्रा ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि थाना पहुंचने वाले आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आम जनता के साथ मित्रवत व्यवहार करने तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर हरसंभव समाधान का प्रयास करने को कहा।
इस दौरान एसपी ने थाना परिसर स्थित पुलिस बैरक का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन महिला पुलिस बैरक का जायजा लेते हुए निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।