Advertisement

राष्ट्रीय खेलों में चमकी हरपुर की सलोनी, भव्य स्वागत समारोह आयोजित

-राष्ट्रीय खेलों में चमकी हरपुर की सलोनी, भव्य स्वागत समारोह आयोजित

मुजफ्फरपुर/बन्दरा। दीपक।
जिले के बन्दरा प्रखंड के हरपुर स्थित मध्य विद्यालय ने एक बार फिर पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। विद्यालय की छात्रा सलोनी कुमारी ने राजस्थान के केकड़ी में आयोजित School Games Federation of India द्वारा संचालित 69वीं नेशनल स्कूल गेम्स खो-खो अंडर-14 (गर्ल्स) प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व कर शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता से लौटने पर सलोनी कुमारी का विद्यालय एवं ग्रामीणों की ओर से भव्य स्वागत किया गया।
सलोनी कुमारी ने प्रतियोगिता के दौरान मध्य प्रदेश एवं आंध्र प्रदेश जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ जीत में अहम भूमिका निभाई, जिससे बिहार टीम का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। उनकी इस उपलब्धि से पूरे प्रखंड, जिला और राज्य का मान बढ़ा है।


इस सफलता के पीछे मध्य विद्यालय हरपुर (बन्दरा) के प्रधानाध्यापक अमर पासवान का मार्गदर्शन, कड़ी मेहनत और बच्चों को आगे बढ़ाने का संकल्प सराहनीय रहा है। उनके नेतृत्व में विद्यालय के नन्हे खिलाड़ी हरपुर से निकलकर बिहार ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं।
विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों ने सलोनी कुमारी की उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि जल्द ही वह देश की टीम में स्थान बनाकर राष्ट्र का नाम रोशन करेंगी। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक अमर पासवान को भी उनकी प्रेरणादायी भूमिका के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।यहां सुमित सिंह,अनिल भंडारी,गुंजा कुमारी,संगीता कुमारी,रानी कुमारी,रेणु कुमारी,शिला कुमारी,कार्तिका कुमारी,नेहा कुमारी,इशरत जहां,आजरा यास्मीन आदि शिक्षक भी थे।