Advertisement

राजापाकर में नि:शुल्क रोजगार एवं परामर्श शिविर का आयोजन, 52 अभ्यर्थियों को मिला रोजगार का मौका

-राजापाकर में नि:शुल्क रोजगार एवं परामर्श शिविर का आयोजन, 52 अभ्यर्थियों को मिला रोजगार का मौका

राजापाकर (संजय श्रीवास्तव)।

प्रखंड क्षेत्र के पुस्तकालय भवन, शनिचर हाट परिसर में नि:शुल्क रोजगार एवं परामर्श शिविर 2025 का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्घाटन राजापाकर दक्षिणी पंचायत के उप सरपंच मनीष राय ने किया। आयोजन में क्षेत्र के दर्जनों युवाओं के साथ-साथ कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

यह शिविर आगा खान ग्राम समर्थन कार्यक्रम (भारत) और एक्सिस बैंक फाउंडेशन के तत्वावधान में युवा जंक्शन द्वारा आयोजित किया गया था। शिविर में टाटा मोटर्स, वेस्टर्न, फ्यूजन, पेसिफिक साइबर टेक्नोलॉजी, सुजुकी समेत कई प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए।

52 युवाओं ने लिया भाग, 41 का चयन:

कुशल प्रबंधक रजनीरंजन ने बताया कि कुल 52 अभ्यर्थियों ने शिविर में भाग लिया। इनमें से टाटा मोटर्स में 14, वेस्टर्न में 12, फ्यूजन में 13, तथा पेसिफिक साइबर टेक्नोलॉजी में 2 अभ्यर्थियों का चयन हुआ।

सभी चयनित अभ्यर्थियों को युवा जंक्शन में 21 दिवसीय रोजगार कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण उपरांत संस्था की ओर से पूरी व्यवस्था के साथ एक शिक्षक के मार्गदर्शन में अभ्यर्थियों को उनके रोजगार स्थल तक भेजा जाएगा।

महिलाओं के लिए भी अवसर:

शिविर में महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करते हुए दो महिलाओं का चयन ब्यूटीशियन कोर्स के लिए किया गया, जो युवा जंक्शन बिदुपुर के प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी।

इनकी रही विशेष उपस्थिति:

इस मौके पर उप सरपंच मनीष राय, कौशल प्रबंधक रजनीरंजन, टाटा मोटर्स के एचआर विवेक कुमार सिंह, प्लेसमेंट ऑफिसर कोमल रानी, केंद्र प्रबंधक उमेश कुमार, भविक्षण राय, अमरेश कुमार, शिवाजी चौहान सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

यह शिविर स्थानीय युवाओं को रोजगार के लिए प्रेरित करने और उन्हें सही दिशा देने की दिशा में एक अहम कदम साबित हुआ।