Advertisement

रतवारा पुल निर्माण को लेकर डीएम ने अपर मुख्य सचिव को लिखा पत्र

-रतवारा पुल निर्माण को लेकर डीएम ने अपर मुख्य सचिव को लिखा पत्र

मुजफ्फरपुर/बन्दरा। दीपक तिवारी।

बूढ़ी गंडक नदी के रतवारा ढ़ोली घाट पर आरसीसी पुल निर्माण को लेकर जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने सरकार के ग्रामीण कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव को शनिवार को पत्र लिखा है। लिखे गए पत्र में कहा गया है कि मुजफ्फरपुर जिला अंतर्गत बन्दरा प्रखंड के बूढ़ी गंडक नदी के रतवारा ढोली घाट पर आरसीसी पुल के निर्माण की स्वीकृति जिला संचालन समिति की बैठक में दी गई है, जो प्राथमिकता सूची के क्रमांक 3 पर अंकित है।उक्त पुल की लंबाई लगभग 510 मीटर है तथा संभावित प्राक्कलित राशि 40.80 करोड रुपए है।इस पुल के निर्माण हेतु स्थानीय लोगों के द्वारा अनिश्चितकालीन आमरण अनशन का आयोजन किया गया था, जिसमें दिनांक 1. 8.2025 को अनुमंडलाधिकारी, पूर्वी मुजफ्फरपुर द्वारा अनशनकारियों से वार्ता की गई और यथाशीघ्र पुल निर्माण कराए जाने के आश्वासन पर आमरण अनशन को स्थापित किया गया। प्रस्तावित पुल के निर्माण हो जाने से विभिन्न गांव की 20हज़ार से अधिक आबादी लाभान्वित होगी। प्राथमिकता के आधार पर उक्त पुल के निर्माण की स्वीकृति हेतु आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया गया है।

अनशनकारी बोले,सीएमओ से भी मिला कार्यवाई का भरोसा:

मुख्यमंत्री सचिवालय से भी अनशनकारी नेतृत्वकर्ता से मोबाइल पर बातचीत कर संदर्भित मामले की जानकारी ली गयी है।नेतृत्वकर्ता श्यामकिशोर ने शनिवार को बताया कि रात तकरीबन 10 मिनट तक बातचीत हुई और सम्बंधित अधिकारी द्वारा संदर्भित मामले में आवश्यक पहल एवं कार्यवाई का भरोसा दिलाया गया। बहरहाल इस महत्वपूर्ण पुल निर्माण कार्य को लेकर लोगों की उम्मीदें बढ़ गयी हैं।वहीं युवा नेत्री कोमल सिंह ने शनिवार की शाम बताया कि डीएम के पत्र के आलोक में सरकार के स्तर पर भी कार्यवाई को लेकर वे हर प्रयास जारी रखेंगी।