Advertisement

रक्सौल में पत्रकार के प्रतिष्ठानों पर बुलडोजर क्यों चला ? होगी जांच और कार्रवाई, डीएम ने दिया आश्वासन

-रक्सौल में पत्रकार के प्रतिष्ठानों पर बुलडोजर क्यों चला ? होगी जांच और कार्रवाई, डीएम ने दिया आश्वासन

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

रक्सौल में पत्रकारों के उत्पीड़न और नगर परिषद की बुलडोजर कार्रवाई का मामला अब जिला प्रशासन के समक्ष पहुंच गया है। प्रेस क्लब, मोतिहारी ने मंगलवार को पांच सदस्यीय जांच टीम की रिपोर्ट जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव को सौंपी और निष्पक्ष जांच की मांग की। जिलाधिकारी ने कहा कि पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई होगी।

प्रेस क्लब के अनुसार पत्रकार जयप्रकाश गुप्ता के बाटा चौक स्थित प्रतिष्ठान पर 22 अप्रैल 2026 और मेन रोड स्थित दूसरे प्रतिष्ठान पर 13 अक्टूबर 2026 को बुलडोजर चलाया गया। क्लब का कहना है कि नगर परिषद की कथित वित्तीय अनियमितताओं पर खबर प्रकाशित करने और आरटीआई के तहत जानकारी मांगने के बाद यह कार्रवाई हुई।

जांच दल ने 28 अक्टूबर को रक्सौल जाकर स्थलीय जांच की। रिपोर्ट में कहा गया है कि पत्रकार के प्रतिष्ठानों पर दो बार कार्रवाई हुई, जबकि आसपास नाले पर बने कई अन्य निर्माणों पर कार्रवाई का प्रमाण नहीं मिला। इससे कार्रवाई के चयनात्मक होने की आशंका जताई गई है। साथ ही कार्रवाई से पहले लिखित नोटिस, माइकिंग या पूर्व सूचना का अभिलेख नहीं मिलने, सामान उठाए जाने पर जब्ती सूची या रसीद नहीं देने और 2,500 रुपये जुर्माना वसूलने की शिकायत भी सामने आई है।

बाटा चौक की जमीन को अंचलाधिकारी ने रेलवे की भूमि बताया है। उनका कहना है कि उनके कार्यालय से कोई नोटिस जारी नहीं हुआ और रेलवे से भी ऐसी कार्रवाई की सूचना नहीं मिली। ऐसे में नगर परिषद ने किस अधिकार से कार्रवाई की, इसकी जांच की मांग की गई है।

जांच के दौरान पत्रकार दीपक कुमार और निर्भय किशोर ने भी नगर परिषद कर्मियों पर अभद्रता, धमकी और सोशल मीडिया पर बदनाम करने का आरोप लगाया। रिपोर्ट में हाईराइज तिरंगा स्थापना, प्याऊ निर्माण और नल-जल योजना सहित अन्य विकास कार्यों में कथित वित्तीय अनियमितता और कर संग्राहक पंकज कुमार सिंह से जुड़ी शिकायतों के स्वतंत्र वित्तीय जांच की मांग भी की गई है।

प्रेस क्लब ने नगर परिषद के नियंत्रण से बाहर के वरिष्ठ अधिकारी से जांच, दोनों कार्रवाइयों के आदेश और अभिलेख तलब करने, सामान की वापसी, योजनाओं के विशेष अंकेक्षण, धमकी की पुलिस और साइबर जांच तथा पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

प्रेस क्लब अध्यक्ष संजय कौशिक ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य किसी को पूर्वाग्रह से दोषी ठहराना नहीं, बल्कि तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराना है। उन्होंने कहा कि यह मामला पत्रकारों की स्वतंत्रता और सार्वजनिक संस्थाओं की जवाबदेही से जुड़ा है।