मोतिहारी। राजन द्विवेदी
– पूर्व केंद्रीय मंत्री, बीजेपी के यूपी प्रभारी सांसद राधामोहन सिंह ने की प्रेस वार्ता
– कसा तंज, कहा कि यूपी में अपराधियों पर और बिहार में नीतीश व तेजस्वी के विरोधियों पर हो रही पुलिसिया कार्रवाई
पूर्व केंद्रीय मंत्री, यूपी के बीजेपी प्रभारी सांसद राधामोहन सिंह ने कहा कि यूपी और बिहार में फर्क यह हो गया है कि यूपी अपराधियों के खिलाफ पुलिस को कार्रवाई की छूट है तो बिहार में सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के विरोधियों पर पुलिसिया कार्रवाई हो रही है। बीते 13 जुलाई को पटना में बीजेपी नेता और कार्यकर्ता पर सरकार ने लाठीचार्ज कर जो बर्बरतापूर्ण कारवाई की है, वह माफी के लायक नहीं है। सरकार ने बर्बरता की पराकाष्ठा को पार करते हुए लोकतंत्र पर हमला किया है। जिसमें जहानाबाद जिले के बीजेपी महामंत्री विजय कुमार सिंह की लाठी चार्ज कर हत्या के कारण इस निरंकुश सरकार को इस्तीफा देना चाहिए। आज इसके विरोध में पूरे बिहार के जिला मुख्यालय एवं मंडल स्तर पर धरना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें आम लोगों ने भी भाग लिया और बिहार सरकार के गलत नीतियों का विरोध किया।

उन्होंने कहा कि नीतीश -तेजस्वी सरकार ने दस लाख नौजवानों को रोजगार उपलब्ध कराने का झूठा वादा किया उसके खिलाफ हम हमेशा आवाज उठाते रहेंगे। शांतिपूर्ण हो रहे विधानसभा मार्च पर अकारण लाठी चार्ज सरकार की तानाशाही का प्रतीक है। डोमेसाइल नीति लागू करना बिहार के बेरोजगार युवाओं के साथ सरकार ने धोखाधड़ी की है। सांसद श्री सिंह ने कहा कि चार्जशीटेड डिप्टी सीएम के साथ नीतीश कुमार का प्रेम यह बता रहा है कि सरकार भ्रष्टाचारियों और अपराधियों के साथ समझौता कर चुकी है। वित्त रहित शिक्षकों एवं संस्कृत शिक्षकों के साथ अन्याय के खिलाफ हमेशा आवाज उठाते रहेंगे। नीतीश सरकार में अपराधी बेलगाम हो चुके हैं। इन सब के कारण ही 1700 करोड़ के अगवानी पुल ध्वस्त हो गया और आज तक न जांच हुई और ना एफआईआर दर्ज हुआ। मौके पर पूर्व बिहार सरकार के मंत्री सह विधायक प्रमोद कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश अस्थाना एवं मोतिहारी नगर निगम के उप महापौर डॉ लाल बाबू प्रसाद मौजूद थे।












