Advertisement

मोतिहारी में बड़ी कार्रवाई: कई दुकानों पर छापेमारी, 45 लाख नकद बरामद

-मोतिहारी में बड़ी कार्रवाई: कई दुकानों पर छापेमारी, 45 लाख नकद बरामद

पटना/मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी जिले के घोड़ासहन शहर में पुलिस ने एक बड़ी और चौंकाने वाली कार्रवाई करते हुए कई दुकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस संयुक्त ऑपरेशन में चार थानों की पुलिस और साइबर यूनिट की टीम शामिल रही, जिससे पूरे बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, यह छापेमारी घोड़ासहन के मेन रोड, बाजार रोड और वीरता चौक इलाके में की गई। पुलिस ने एक साथ करीब आधा दर्जन दुकानों को खंगाला। कार्रवाई की शुरुआत “रेडीमेड सेंटर” नामक दुकान से हुई, जहां तलाशी के दौरान नेपाली और भारतीय करेंसी की बड़ी खेप बरामद की गई। शुरुआती अनुमान के मुताबिक करीब 45 लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं।

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस की कार्रवाई सिर्फ दुकानों तक सीमित नहीं रही, बल्कि एक संदिग्ध के घर पर भी दबिश दी गई। वहां से नोटों से भरा बैग बरामद हुआ। इसके अलावा पुलिस ने कई अहम दस्तावेज, बैंक लेनदेन से जुड़े कागजात, क्यूआर कोड स्कैनर और अन्य डिजिटल उपकरण भी जब्त किए हैं।

प्राथमिक जांच में मामला भारतीय और नेपाली मुद्रा के अवैध एक्सचेंज रैकेट से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, कुछ स्थानीय लोग इसे साइबर अपराध नेटवर्क से भी जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, जिससे मामला और पेचीदा बना हुआ है।

छापेमारी की भनक लगते ही कई संदिग्ध मौके से फरार हो गए। इस दौरान साइबर डीएसपी अभिनव प्रसाद, इंस्पेक्टर मुमताज अहमद, ढाका थानाध्यक्ष राजरूप राय और घोड़ासहन थाना प्रभारी आशीष कुमार समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

देर शाम तक अलग-अलग ठिकानों पर तलाशी अभियान जारी रहा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है और जल्द ही इस अवैध कारोबार से जुड़े बड़े चेहरों का खुलासा किया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद इलाके के कारोबारियों में खौफ और हलचल दोनों देखी जा रही है।