-मोतिहारी में जिला स्तरीय युवा उत्सव-2026 संपन्न
– विजेताओं को राज्य स्तर पर मिलेगा मौका : डीएम
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
कला एवं संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय युवा उत्सव-2026 शुक्रवार को महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में भव्यता के साथ संपन्न हुआ।
उत्सव का उद्घाटन जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव, नगर आयुक्त आशीष कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी फहद सिद्दीकी, जिला युवा अधिकारी अंकिता, डीएम के विशेष सचिव अमरेश कुमार सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने कहा कि “युवा उत्सव में हर वर्ष प्रतिभाएं निखर कर सामने आती हैं”। यह आयोजन युवाओं को अपनी लोक कला, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत से जोड़ने के लिए किया जाता है। यहां की प्रतिभाओं ने कई बार राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार हासिल किए हैं। उन्होंने कहा कि इस उत्सव में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय युवा उत्सव में भेजा जाएगा।

उत्सव में समूह लोकनृत्य, समूह लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन-वाचन और नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताएं हुईं, जिसमें जिले के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
– प्रतियोगिता के परिणाम :
समूह लोकनृत्य में प्रथम- स्वर गंगा समूह, द्वितीय- एम.जे.के. गर्ल्स इंटर कॉलेज एवं तृतीय- प्रभावती गुप्ता कन्या इंटर कॉलेज रहा।
समूह लोकगीत में प्रथम- एम.जे.के. गर्ल्स इंटर कॉलेज रहा।
कविता लेखन एवं वाचन में प्रथम- अनन्या अन्वी, द्वितीय- शुभांगी भारती एवं तृतीय- आर्तिका कुमारी रही।
नुक्कड़ नाटक में प्रथम- राजाराम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तुरकौलिया, द्वितीय- एम.जे.के. गर्ल्स इंटर कॉलेज एवं तृतीय- सर्वोदय विद्यालय जगीरहां रहा।
चित्रकला में प्रथम- उत्तम जायसवाल, द्वितीय- कुमारी लक्ष्मी एवं तृतीय- वैष्णवी गुप्ता रही।
वहीं इस प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रो. अरुण कुमार, प्रो. गौरव भारती, संजय कुमार पाण्डेय, इवलीन प्रकाश सहित अन्य संस्कृतिकर्मी शामिल रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन आदित्य मानस ने किया।












