-मोतिहारी में आपदा मित्रों की समीक्षा बैठक, त्वरित प्रतिक्रिया और पूर्व तैयारी पर जोर
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार कार्यालय में मंगलवार को बाल रक्षा भारत और आपदा प्रबंधन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आपदा मित्रों की समीक्षा सह अनुभव-साझाकरण बैठक हुई।
बैठक में बाल रक्षा भारत के हामिद रजा, सत्य प्रकाश और जिला आपदा प्रबंधन से इंजीनियर गोविंद व नवीन सिंह ने आपदा मित्रों के कार्यों और अनुभवों की समीक्षा की। आपदा मित्रों ने बताया कि उन्होंने समुदाय में जागरूकता, पूर्व चेतावनी का प्रसार, मॉक ड्रिल और सुरक्षित निकासी में किस तरह सहयोग किया।

बैठक में कहा गया कि आपदा मित्र सिर्फ राहत-बचाव तक सीमित न रहें, बल्कि आपदा से पहले तैयारी, जोखिम कम करने और समय पर चेतावनी पहुंचाने में भी सक्रिय भूमिका निभाएं। बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
यह बैठक उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में आपदा तैयारी को मजबूत करने और समुदाय को अधिक सक्षम बनाने के कार्यक्रम के तहत आयोजित की गई। अंत में सभी आपदा मित्रों से “पहले से तैयारी, समय पर चेतावनी और त्वरित सहायता” का संदेश हर परिवार तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
बैठक में रजनीश कुमार, राजा कुमार, रोहित कुमार, राकेश कुमार, बबलू कुमार झा, सुमन कुमार सहित कई आपदा मित्र मौजूद रहे।












