Advertisement

मूक-बधिर बच्चों की पिटाई का वीडियो वायरल, स्कूल संचालक व शिक्षक पर FIR

-मूक-बधिर बच्चों की पिटाई का वीडियो वायरल, स्कूल संचालक व शिक्षक पर FIR

मुजफ्फरपुर। जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र स्थित चर्च रोड के बागेश्वरी मूक-बधिर स्कूल से जुड़ा एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। स्कूल कर्मियों द्वारा मूक-बधिर बच्चों की बेरहमी से पिटाई और प्रताड़ना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

वायरल वीडियो में स्कूल के कर्मचारी मासूम और बेजुबान बच्चों को डराते-धमकाते हुए मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भारी आक्रोश है और स्कूल प्रबंधन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि यह स्कूल एक निजी एनजीओ द्वारा संचालित किया जाता है, जहां करीब 50 बच्चे रहकर पढ़ाई करते हैं।

घटना के सामने आने के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या स्कूल प्रबंधन को पहले से बच्चों के साथ हो रही प्रताड़ना की जानकारी थी या नहीं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी।

 

अनुमंडल पदाधिकारी (पूर्वी) तुषार कुमार ने बताया कि जांच में स्कूल में पढ़ाने वाले शिक्षक को दोषी पाया गया है। इसके बाद मिठनपुरा थाना में स्कूल के संस्थापक संजय कुमार और शिक्षक राजू कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

इधर, इस घटना के बाद हाल ही में मुशहरी थाना क्षेत्र के नरौली स्थित बृहद आश्रय गृह से 10 बच्चों के फरार होने का मामला भी फिर चर्चा में आ गया है। लोगों के बीच यह आशंका जताई जा रही है कि कहीं बच्चों के भागने के पीछे भी प्रताड़ना या भय का माहौल तो नहीं था। हालांकि पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वायरल वीडियो के बाद बाल संरक्षण व्यवस्था, विशेष स्कूलों और आश्रय गृहों की निगरानी को लेकर भी कई सवाल खड़े हो गए हैं।