-मुशहरी के सलहा गांव में नदी में डूबने से मजदूर की मौत
-घर से शौच के लिए निकले थे
मुजफ्फरपुर। मुशहरी थाना क्षेत्र के सलहा गांव में सोमवार को बूढ़ी गंडक नदी की सोती में डूबने से 50 वर्षीय मजदूर श्याम नंदन मिश्रा की मौत हो गई। वह सुबह करीब आठ बजे शौच करने की बात कहकर घर से निकले थे। दोपहर करीब 12 बजे नदी किनारे घास काटने गई एक महिला ने पानी में उनका शव उपलाते देखा। इसके बाद गांव में अफरातफरी मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों के अनुसार, नदी किनारे जाने के दौरान पैर फिसलने से श्याम नंदन मिश्रा के पानी में गिरने और डूबने की आशंका है। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियों की पुष्टि नहीं हुई है।
परिजनों ने बताया कि श्याम नंदन मिश्रा मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। सुबह घर से निकलने के बाद जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई। उनकी पत्नी अनीता देवी सहित परिवार के अन्य सदस्य उनकी खोजबीन में जुट गए, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

इसी बीच, दोपहर में नदी किनारे घास काटने गई एक महिला की नजर पानी में उपलाते शव पर पड़ी। उसके शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शव की पहचान श्याम नंदन मिश्रा के रूप में की।
सूचना मिलने पर मुशहरी थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) भेज दिया।
थानाध्यक्ष सुबोध कुमार मेहता ने बताया कि नदी में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया है। घटना के बाद सलहा गांव में शोक का माहौल है।













