Advertisement

मुजफ्फरपुर में होटलों और अस्पतालों का अग्नि सुरक्षा निरीक्षण, अधिकारियों ने दिए आवश्यक निर्देश

-मुजफ्फरपुर में होटलों और अस्पतालों का अग्नि सुरक्षा निरीक्षण, अधिकारियों ने दिए आवश्यक निर्देश

मुजफ्फरपुर। जिला अग्निशमन पदाधिकारी आमिर इसरार के नेतृत्व में जिले के विभिन्न होटलों और अस्पतालों का अग्नि सुरक्षा निरीक्षण किया गया। इस दौरान अग्निशमन पदाधिकारी रामनिवास पाण्डेय एवं अमृता कुमारी भी मौजूद रहीं।
निरीक्षण अभियान के तहत अग्निशमन केंद्र मुजफ्फरपुर की टीम ने होटल उर्मिला, द रॉयल फुलार होटल (मारीपुर), द फुलार हॉस्पिटिलिटी (जुड़न छपरा) तथा आशव हॉस्पिटल (जुड़न छपरा) का निरीक्षण किया। वहीं अग्निशमन केंद्र मोतीपुर के अंतर्गत पीहू क्लीनिक और बंदना रिसोर्स, मोतीपुर का भी जायजा लिया गया।


अधिकारियों ने अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन निकास, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता एवं उनकी कार्यक्षमता सहित अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की। निरीक्षण के दौरान संबंधित संस्थानों को अग्नि सुरक्षा प्रबंधन को और सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक सुझाव एवं निर्देश दिए गए।
जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने बताया कि बिहार अग्निशमन सेवा नियमावली-2021 में वर्णित प्रावधानों के अनुरूप सभी संस्थानों को अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों, होटल और अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अग्निशमन विभाग ने संस्थानों से नियमित रूप से सुरक्षा उपकरणों की जांच कराने और कर्मचारियों को आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए प्रशिक्षित करने की भी सलाह दी।