Advertisement

मुजफ्फरपुर में महिला पर हमला, कान काटकर सोने की कनबाली छीनने का आरोप

-मुजफ्फरपुर में महिला पर हमला, कान काटकर सोने की कनबाली छीनने का आरोप

मुजफ्फरपुर। अहियापुर थाना क्षेत्र के बेला पचगछीया वार्ड-16 में आपसी विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब 55 वर्षीय महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। आरोप है कि हमलावरों ने महिला का कान काटकर सोने की कनबाली भी छीन ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

घायल महिला की पहचान नानटून महतो की पत्नी मीणा देवी के रूप में हुई है। परिजनों ने गंभीर हालत में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोचहां में भर्ती कराया, जहां चिकित्सक डॉ. प्रतीक मोहन और स्वास्थ्य कर्मी मोहम्मद जियाउद्दीन की देखरेख में उनका इलाज किया गया। मारपीट के दौरान महिला का कान बुरी तरह कट गया था, जिसे जोड़ने के लिए कई टांके लगाने पड़े। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

पीड़िता मीणा देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि बुधवार को घरेलू विवाद के दौरान गाली-गलौज का विरोध करने पर रेणू देवी, शत्रुधन महतो, उमेश महतो समेत अन्य लोगों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि छीना-झपटी के दौरान कान से सोने की कनबाली जबरन नोच ली गई, जिससे उनका कान कट गया।

महिला ने बताया कि शोर सुनकर उनका पुत्र धीरज कुमार और अन्य लोग मौके पर पहुंचे, तब जाकर उनकी जान बच सकी। पीड़िता ने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

इधर, अहियापुर थाना अध्यक्ष शरत कुमार ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आवेदन प्राप्त कर लिया गया है और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।