Advertisement

मुजफ्फरपुर में भीषण सड़क हादसा: स्कॉर्पियो-बाइक की टक्कर में अगरबत्ती कारोबारी की मौत, आग लगने से वाहन जलकर राख

-मुजफ्फरपुर में भीषण सड़क हादसा: स्कॉर्पियो-बाइक की टक्कर में अगरबत्ती कारोबारी की मौत, आग लगने से वाहन जलकर राख

मुजफ्फरपुर। सदर थाना क्षेत्र के मधुबनी फोरलेन पर बुधवार देर रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और बाइक के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार अगरबत्ती कारोबारी अशोक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के तुरंत बाद स्कॉर्पियो में आग लग गई और देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 12:30 बजे मुजफ्फरपुर-पटना न्यू बाइपास स्थित मधुबनी फोरलेन एनएच पर एक नई स्कॉर्पियो और बाइक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो में आग लग गई। वाहन में सवार लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इस दौरान घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, दमकल की गाड़ी पहुंचने से पहले ही स्कॉर्पियो काफी हद तक जलकर राख हो चुकी थी। आग पर काबू पाने के बाद पुलिस ने हादसे की जांच शुरू की।

मृतक की पहचान मधुबनी गांव निवासी अशोक कुमार के रूप में हुई है। वह अगरबत्ती का कारोबार करते थे। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों ने घटनास्थल पर अंडरपास नहीं होने के कारण सड़क पार करने में होने वाली परेशानियों और दुर्घटनाओं के खतरे पर चिंता जताई। स्थानीय निवासी पंकज कुमार ने कहा कि अंडरपास के अभाव में लोगों को सड़क पार करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस स्थान पर दुर्घटना की आशंका हमेशा बनी रहती है।

इधर, सूचना मिलने पर सदर थानाध्यक्ष नवलेश कुमार आजाद पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने अशोक कुमार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। पुलिस दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।