Advertisement

तिरहुत विधान परिषद चुनाव: मतदान की तैयारी पूरी, मतपत्र की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

-तिरहुत विधान परिषद चुनाव: मतदान की तैयारी पूरी, मतपत्र की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

मुजफ्फरपुर। बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव को लेकर गुरुवार को एमआईटी परिसर में मतदान कर्मियों की अंतिम ब्रीफिंग की गई। प्रेक्षक कौशल किशोर के निर्देशन में पीठासीन पदाधिकारियों, माइक्रो प्रेक्षकों, दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। अधिकारियों को मतदान की गोपनीयता और मतपत्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।
तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त सह निर्वाची पदाधिकारी गिरिवर दयाल सिंह ने कहा कि निर्वाचन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान दल अपने निर्धारित केंद्रों के लिए रवाना हो चुके हैं। उन्होंने अधिकारियों को पारदर्शिता, निष्पक्षता और आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
प्रेक्षक कौशल किशोर ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त एवं शांतिपूर्ण मतदान कराना निर्वाचन आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पदाधिकारी आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करें।


तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 145 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 58 सहित कुल 203 मतदान केंद्रों पर शुक्रवार, 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। चुनाव में ईवीएम के बजाय मतपत्र और मतपेटी का इस्तेमाल किया जाएगा। मतदान केंद्रों पर माइक्रो प्रेक्षक एवं वीडियोग्राफर तैनात रहेंगे।
जिलाधिकारी कुमार गौरव और वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। मतदान के बाद मतपेटियां एमआईटी स्थित वज्रगृह में जमा होंगी। मतगणना 27 अक्टूबर को एमआईटी के प्रशासनिक भवन में निर्धारित है।