-मुजफ्फरपुर में चेन स्नैचिंग गिरोह पर पुलिस का बड़ा एक्शन, कटिहार से कोढ़ा गैंग का बदमाश गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर। शहर में महिलाओं को निशाना बनाकर सोने की चेन और जेवरात लूटने वाले शातिर अपराधियों के खिलाफ मुजफ्फरपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुख्यात कोढ़ा गिरोह के एक सदस्य को कटिहार जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से महिला से छीनी गई सोने की चेन और वारदात के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह मामला नगर थाना क्षेत्र के साहू पोखर इलाके का है। 20 जुलाई 2026 की सुबह करीब सात बजे मुन्नी खातून मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई थी।

घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी टाउन सुरेश कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम में नगर थाना अध्यक्ष जय प्रकाश सिंह समेत कई पुलिस अधिकारियों को शामिल किया गया।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय सूचना तंत्र के आधार पर अपराधियों की तलाश शुरू की। लगातार छापेमारी और निगरानी के बाद पुलिस ने कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र स्थित जुराबगंज से शिवम कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी के कोढ़ा गिरोह से जुड़े होने की पुष्टि हुई है। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं को निशाना बनाकर चेन स्नैचिंग जैसी वारदातों को अंजाम देता है।
गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने छीनी गई सोने की चेन और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर लिए हैं। वहीं, उसके फरार साथी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहर में सक्रिय अपराधी गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











