-मुजफ्फरपुर में एनएच-28 पर सनसनी: अज्ञात युवक की गोली मारकर हत्या, मौके पर मिला शव
मुजफ्फरपुर। जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक अज्ञात व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात मोतीपुर ओवरब्रिज के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर मंगलवार देर रात हुई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने अंधेरे का फायदा उठाकर युवक को दो गोलियां मारीं और मौके से फरार हो गए। गोली लगने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
बताया जाता है कि मंगलवार देर रात मोतीपुर थाना पुलिस की गश्ती टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों की नजर एनएच-28 किनारे पड़े एक शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) भेज दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए बुधवार सुबह फॉरेंसिक जांच टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और बारीकी से जांच की। पुलिस को उम्मीद है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले का जल्द खुलासा होगा।

इस मामले की पुष्टि डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने की है। उन्होंने बताया कि मोतीपुर थाना क्षेत्र से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। प्रथम दृष्टया उसके शरीर पर दो गोलियां लगने के निशान मिले हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पहचान होने के बाद हत्या के कारणों और आरोपियों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।
एनएच-28 जैसे व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई इस हत्या ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि मामले के खुलासे और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी और जांच जारी है।












