-मुजफ्फरपुर के पताही एयरपोर्ट से जल्द शुरू होगी उड़ान, 2027 तक तैयार होगा नया टर्मिनल भवन
मुजफ्फरपुर। बिहार में सड़क और रेल के साथ-साथ अब हवाई संपर्क को भी तेजी से विस्तार दिया जा रहा है। इसी कड़ी में मुजफ्फरपुर के बहुप्रतीक्षित पताही एयरपोर्ट के विकास कार्य में तेजी लाई गई है। जल्द ही यहां से छोटे विमानों का परिचालन शुरू करने की तैयारी है। एयरपोर्ट को कोड-बी एयरपोर्ट के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे उत्तर बिहार की हवाई कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी।
जानकारी के अनुसार, पताही एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन का निर्माण जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं रनवे निर्माण के लिए अगले 10 दिनों में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। एयरपोर्ट के आधुनिकीकरण और विकास के प्रथम चरण का कार्य जुलाई से शुरू हो चुका है, जिस पर करीब 43 करोड़ 13 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

पहले चरण में लगभग 23 करोड़ 47 लाख रुपये की लागत से एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) भवन, आधुनिक टर्मिनल भवन, फायर स्टेशन समेत अन्य आवश्यक सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। निर्माण एजेंसी को 11 माह के भीतर यह कार्य पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है।
प्रथम चरण में पताही एयरपोर्ट से छोटे विमानों का संचालन होगा। इसी को ध्यान में रखते हुए टर्मिनल भवन की क्षमता ऐसी बनाई जा रही है कि एक समय में लगभग 150 यात्रियों का आवागमन सुचारु रूप से हो सके।
पताही एयरपोर्ट के शुरू होने से मुजफ्फरपुर समेत उत्तर बिहार के कई जिलों के लोगों को हवाई यात्रा की सुविधा मिलेगी। इससे व्यापार, उद्योग, पर्यटन और निवेश को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।
गौरतलब है कि पताही एयरपोर्ट के विकास की मांग पिछले लगभग एक दशक से की जा रही थी। कई बार परियोजना शुरू होने के बाद विभिन्न कारणों से काम रुक गया था। अब निर्माण कार्य में तेजी आने से लोगों की उम्मीदें फिर से जाग उठी हैं कि जल्द ही मुजफ्फरपुर भी देश के प्रमुख हवाई नेटवर्क से सीधे जुड़ जाएगा।












