-मुख्यमंत्री ने किया शेरपुर-दिघवारा 6 लेन गंगा पुल का निरीक्षण, कार्य में तेजी लाने के निर्देश
पटना। ब्यूरो।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पटना और सारण जिलों को जोड़ने वाले निर्माणाधीन 6 लेन शेरपुर-दिघवारा गंगा पुल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने शेरपुर में स्थल का जायजा लिया और अधिकारियों से निर्माण की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि नेशनल हाई-वे ऑथरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) द्वारा 3200 करोड़ रुपये की लागत से इस पुल का निर्माण कराया जा रहा है। यह पुल 14.52 किलोमीटर लंबा होगा और पटना के शेरपुर से सारण के दिघवारा तक फैला होगा। यह पटना शहर के रिंग रोड का भी हिस्सा बनेगा।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि पुल निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए ताकि यह परियोजना निर्धारित समय यानी वर्ष 2027 तक पूर्ण की जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि पुल के नीचे पटना छोर की तरफ जेपी गंगा पथ का निर्माण भी किया जा रहा है, और यह पुल बिहटा-सरमेरा पथ से भी जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पुल के बनने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क बेहतर होगा और राजधानी पटना के पश्चिमी हिस्से के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही रिंग रोड के माध्यम से पटना के चारों दिशाओं में आना-जाना भी सरल होगा।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ उनके प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव अनुपम कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव संदीप कुमार आर. पुदुकलकट्टी और बी. कार्तिकेय धनजी, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, पटना के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक अवकाश कुमार समेत NHAI के अधिकारी और अभियंता उपस्थित थे।
#मुख्यमंत्रीनिरीक्षण #गंगापुल #शेरपुरदिघवारा #पटनारिंगरोड #NHAI #बिहारविकास #नीतीशकुमार #बिहारसमाचार












