-महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने किया रेलखंड का निरीक्षण
हाजीपुर। पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह ने आज पटना-बख्तियारपुर-तिलैया-बंधुआ-कोडरमा-बानाडाग रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलखंड के मध्य स्थित स्टेशनों, पुलों, ओएचई (ओवरहेड इक्विपमेंट) और रेलवे ट्रैक की संरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में बंधुआ से कोडरमा के बीच 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से स्पीड ट्रायल भी किया गया। महाप्रबंधक ने हजारीबाग टाउन स्टेशन पर यात्री सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इसके पश्चात श्री सिंह एनटीपीसी की कोल लोडिंग साइडिंग बानाडाग पहुंचे, जहां उन्होंने एनटीपीसी के महाप्रबंधक (इन्फ्रास्ट्रक्चर) श्री एस.के. दूबे एवं परियोजना प्रमुख श्री एस.के. दाश के साथ साइडिंग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के उपरांत एक उच्च स्तरीय बैठक भी हुई जिसमें कोल लोडिंग की वृद्धि और साइडिंग के बुनियादी ढांचे के विस्तार पर चर्चा की गई।

इस अवसर पर उनके साथ पूर्व मध्य रेल मुख्यालय से प्रमुख अधिकारीगण उपस्थित थे, जिनमें प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक डॉ. मनोज सिंह, प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक श्रीमती इंदू रानी दूबे, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) दक्षिण श्री रामाश्रय पाण्डेय, प्रधान मुख्य इंजीनियर श्री शैलेश वर्मा शामिल थे।
इसके अतिरिक्त दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री जयंत कुमार चौधरी एवं धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री कमल किशोर सिन्हा भी अपने-अपने क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान उपस्थित रहे।
#रेलवे_निरीक्षण #पूर्व_मध्य_रेलवे #पटना_कोडरमा #NTPC_साइडिंग #महाप्रबंधक_निरीक्षण #रेल_सुरक्षा #स्पीड_ट्रायल












