-मरीन ड्राइव में बढ़ते अपराध पर SSP का बड़ा एक्शन, सिकंदरपुर थानेदार निलंबित
मुजफ्फरपुर। जिले में अपराध नियंत्रण में लापरवाही बरतने पर एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने सिकंदरपुर थानाध्यक्ष दुखी कुमार महतो को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। थानाध्यक्ष के खिलाफ लगातार कर्तव्यहीनता, अपराध नियंत्रण में विफलता और लापरवाही की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह कड़ी कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर-01) द्वारा सौंपे गए प्रतिवेदन में सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, आसूचना संकलन, प्रभावी गश्ती और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में गंभीर शिथिलता की बात सामने आई। रिपोर्ट में कहा गया कि थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव इलाके में लगातार मोटरसाइकिल चोरी, चेन स्नैचिंग, मारपीट और महिलाओं के साथ छेड़खानी जैसी घटनाओं में वृद्धि हो रही थी, लेकिन स्थानीय पुलिस की ओर से अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही थी।

मरीन ड्राइव को शहर का संवेदनशील इलाका माना जाता है। इसके बावजूद क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस गश्ती की व्यवस्था नहीं की गई, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद होते गए। वरिष्ठ अधिकारियों ने इसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही माना।
बीती 23 मई की रात मरीन ड्राइव क्षेत्र में दो गुटों के बीच हुई मारपीट और चाकूबाजी की घटना ने भी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए थे। इस हिंसक झड़प में कई लोग घायल हुए थे, जबकि दो युवकों को गंभीर चोटें आई थीं। घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई और क्षेत्राधिकार को लेकर भी विवाद की स्थिति बनी थी।
एसएसपी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।











