Advertisement

मनरेगा में पिछड़े 16 प्रखंडों को चेतावनी, एक सप्ताह में सुधार का निर्देश

-मनरेगा में पिछड़े 16 प्रखंडों को चेतावनी, एक सप्ताह में सुधार का निर्देश

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
VB-G RAM G (मनरेगा) योजना की प्रगति को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित डॉ. राधाकृष्णन सभागार में समीक्षात्मक बैठक हुई। उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में मनरेगा के अधिकारी और सभी प्रखंडों के कार्यक्रम पदाधिकारी शामिल हुए। समीक्षा के दौरान कई प्रखंडों की खराब प्रगति पर डीडीसी ने नाराजगी जताते हुए एक सप्ताह के भीतर सुधार का सख्त निर्देश दिया।

मानव दिवस सृजन में जिले की उपलब्धि 31.03 प्रतिशत पाई गई, जबकि राज्य का औसत 32.61 प्रतिशत है। जिले के 16 प्रखंड जिला औसत से भी पीछे हैं। इनमें मेहसी 15.1 प्रतिशत, कल्याणपुर 16.56 प्रतिशत और बंजरिया 17.31 प्रतिशत के साथ सबसे पीछे हैं। आदापुर, घोड़ासहन, बनकटवा, पकड़ीदयाल, कोटवा, रामगढ़वा, चिरैया, संग्रामपुर, चकिया, मधुबन, पताही, सुगौली और हरसिद्धि की प्रगति भी अपेक्षाकृत कम है।

प्रधानमंत्री आवास योजना के अभिसरण में कुल 23,957 योजनाओं में महज 2,861 में एमआर निर्गत हुआ है। पीपराकोठी, संग्रामपुर और कोटवा की स्थिति सबसे कमजोर बताई गई। वहीं जिले के 4,36,850 सक्रिय मजदूरों में 3,94,818 का e-KYC पूरा हो चुका है, जबकि 41,877 मजदूरों का e-KYC लंबित है। इसे एक सप्ताह में शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया गया।

समय पर भुगतान में जिले की उपलब्धि 77.89 प्रतिशत है, जबकि राज्य का औसत 82.73 प्रतिशत है। डीडीसी ने इसे बढ़ाकर 90 प्रतिशत करने का लक्ष्य दिया। बनकटवा, चकिया और पकड़ीदयाल की स्थिति सबसे खराब रही। वृक्षारोपण में भी लक्ष्य के मुकाबले प्रगति बेहद कम है। 9,50,400 के लक्ष्य के विरुद्ध अभी तक सिर्फ 1,360 योजनाएं शुरू हुई हैं। डीडीसी ने सभी संबंधित अधिकारियों को योजनाओं की गति बढ़ाने और निर्धारित समय में लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया।