-भूमि विवाद में घायल युवक की मौत, परिजनों ने एनएच-28 किया जाम
-इलाके में तनाव
दलसिंहसराय | संवाददाता।
समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत पगड़ा गांव में भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल युवक मणिकांत राय (26) की शनिवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने एनएच-28 को पगड़ा चौक के पास जाम कर दिया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
मृतक की पहचान पगड़ा वार्ड संख्या 12 निवासी अरुण राय के पुत्र मणिकांत राय के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार गुरुवार को अरुण राय और गांव के ही श्रवण राय के परिवार के बीच दो धुर जमीन को लेकर विवाद हुआ था। उसी शाम जब मणिकांत राय घर लौटा तो श्रवण राय, अक्षय कुमार, विकास राय, नेहा कुमारी और बंशी देवी सहित अन्य लोगों ने उस पर हमला कर दिया। मारपीट में मणिकांत गंभीर रूप से घायल हो गया था।
उसे तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद समस्तीपुर सदर अस्पताल रेफर किया गया। परिजन बेहतर इलाज के लिए उसे एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई।

बताया गया कि मणिकांत की दो महीने पहले ही पूजा कुमारी से शादी हुई थी। अचानक हुई इस घटना ने परिवार को तोड़कर रख दिया है। पत्नी पूजा और अन्य परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद आरोपी पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हैं। वहीं युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों ने पगड़ा चौक पर एनएच-28 को जाम कर दिया। सूचना पर दलसिंहसराय थाना की पुलिस, अपर थानाध्यक्ष पुष्पलता कुमारी एवं दारोगा रंजीत कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जाम कर रहे लोगों को समझाने-बुझाने में जुट गए हैं।
इलाके में फिलहाल तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और मामले में उचित कानूनी कार्रवाई होगी।
#भूमिविवाद #दलसिंहसराय #NH28जाम #मृतकयुवक #सड़कजाम #समस्तीपुरसमाचार #न्यायकीमांग












